भाजपा सरकार ने डाकुओं और लुटेरों का किया सफाया: यादव

श्योपुर, 07 नवंबर (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि श्योपुर क्षेत्र डाकुओं के प्रभाव वाला क्षेत्र था, लेकिन कांग्रेस ने अपने सरकार में डाकुओं के सफाए के लिए कुछ नहीं किया, जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी डाकुओं और लुटेरों का सफाया कर दिया।

डॉ यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने विजयपुर विधानसभा के ग्राम अगरा, गसवानी, कराहल व सेसईपुरा में जनसभा को संबोधित किया एवं कराहल में पार्टी प्रत्याशी रामनिवास रावत के समर्थन में रोड शो कर जनता का आशीर्वाद मांगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षेत्र कभी डाकुओं का प्रभाव वाला क्षेत्र था। प्रदेश में 55 साल तक शासन करने वाली कांग्रेस ने डाकुओं के खात्मे के लिए कोई कार्य नहीं किया, क्योंकि कांग्रेस के नेता डाकुओं के दम पर चुनाव जीतते थे। भाजपा की सरकार बनने के बाद डाकुओं और लुटेरों का पूरी तरह से सफाया किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी श्री रावत विजयपुर क्षेत्र के विकास के लिए विधायक पद और कांग्रेस पार्टी छोड़कर आए हैं। श्री रावत इस क्षेत्र के लोगों की जिंदगी बदलने के लिए भाजपा में आए हैं। आप उन्हें विधायक बनाएं, विजयपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास की पूरी गारंटी भाजपा की है। उन्होंने कहा कि भाजपा कल्याण के लिए कार्य करती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास के मूल मंत्र पर कार्य कर रही है। कांग्रेस ने प्रदेश में 55 साल तक शासन किया, लेकिन गरीबों के लिए कोई कार्य नहीं किया। यह 56 इंच वाले प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार है कि गरीबों के इलाज के लिए निःशुल्क हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की है।

डॉ यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हर गरीब को 5 लाख तक के निःशुल्क इलाज की गारंटी दी है। कुपोषण दूर करने के लिए मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार सहरिया बहनों के खाते में प्रति माह हर माह 1500 रूपए भेज रही है। कांग्रेस पार्टी भी गरीबों के कल्याण के लिए कार्य कर सकती थी, लेकिन वह गरीबों-आदिवासियों को सिर्फ वोट बैंक समझा। गरीबों, पिछड़ों व आदिवासियों के सामाजिक व आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कांग्रेस ने कोई कार्य नहीं किया। शहरी और ग्रामीण हर क्षेत्र में रहने वाले गरीबों को पक्के मकान मिल रहे हैं। जिन लोगों को मकान नहीं मिले हैं, उन्हें पीएम आवास योजना में जल्द पक्के मकान मिलेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि भाजपा ने श्योपुर, विजयपुर सहित पूरे प्रदेश का विकास किया है। कांग्रेस शासनकाल में प्रदेश विकास से वंचित था, 2003 में भाजपा की सरकार बनने के बाद मध्यप्रदेश के विकास पर आगे बढ़ा। भाजपा सरकार ने प्रदेश को बीमारू राज्य से निकालकर देश के विकसित राज्यों की श्रेणी में अग्रणी पंक्ति में खड़ा किया है। भाजपा सरकार मध्यप्रदेश को विकसित राज्य के साथ आत्मनिर्भर राज्य बनाने के लिए कार्य कर रही है। भाजपा प्रत्याशी श्री रावत विजयपुर क्षेत्र के विकास के लिए कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं। भाजपा सरकार ने घर-घर नल से जल पहुंचाने के साथ हर खेत में सिंचाई के लिए पानी पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है।

श्री शर्मा ने कहा कि श्री कमलनाथ के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में 15 महीने के लिए कांग्रेस की सरकार बनी थी। मुख्यमंत्री बनने के बाद श्री कमलनाथ ने सबसे पहले सहरिया आदिवासी बहनों के खातों में भाजपा सरकार द्वारा भेजे जा रहे पैसे को बंद करने का निर्णय लिया था। भाजपा सरकार बनने के बाद दोबारा यह योजना शुरू की गयी। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास के आधार पर जनता से वोट मांगने जाती है। आप सभी भाजपा के विकास पर मुहर लगाने के लिए विजयपुर से पार्टी प्रत्याशी श्री रावत को अपना आशीर्वाद दें और 13 नवंबर को कमल का बटन दबाकर प्रधानमंत्री श्री मोदी का हाथ मजबूत करें। उन्होंने कहा कि श्री रावत को भाजपा ने बिना विधायक रहते इस क्षेत्र के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए मंत्री बनाया है। आपके वोट से रामनिवास रावत और ताकतवर बनेंगे और विजयपुर क्षेत्र का विकास करेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा अगरा की जनसभा के दौरान कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई है। मुख्यमंत्री डॉ यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा व पार्टी प्रत्याशी श्री रावत के समर्थन में कराहल में सेसईपुरा तिराहे से कराहल बाजार तक दो किलोमीटर लंबा रोड शो किया। रोड शो में उमड़े जनसैलाब ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का अभिवादन किया। इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री राकेश शुक्ला, ऐंदल सिंह कंषाना, सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, विधायक सरला रावत, प्रदीप अग्रवाल, पार्टी प्रत्याशी श्री रावत, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

Next Post

पारिस्थितिकी की दृष्टि से स्वस्थ विनिर्माण, मजबूत आपूर्ति श्रृंखला पर ध्यान दे इंजीनियरिंग उद्योग: गोयल

Thu Nov 7 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email नयी दिल्ली , 07 सितंबर (वार्ता) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने देश के इंजीनियरिंग उद्योग को धरती के स्वस्थ एवं टिकाऊ भाविष्य के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता के साथ काम करने के साथ साथ आपूर्ति श्रृंखलाओं […]

You May Like

मनोरंजन