ढाका, 09 अक्टूबर (वार्ता) बंगलादेश के दक्षिणी शहर टेकनाफ के निकट नाफ नदी में मछली पकड़ते समय म्यांमार की अराकान सेना के संदिग्ध सदस्यों ने पांच मछुआरों का अपहरण कर लिया है।
स्थानीय अखबार ‘ढाका ट्रिब्यून’ ने बुधवार को बताया कि यह घटना कॉक्स बाजार जिले के नयापारा इलाके में सोमवार अपराह्न तब हुई, जब मछुआरे नाफ नदी में मछली पकड़ने गये। रिपोर्ट के मुताबिक अभी तक मछुआरों को वापस नहीं किया गया है।
टेकनाफ में बॉर्डर गार्ड बंगलादेश (बीजीबी) के कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल मोहिउद्दीन अहमद ने पुष्टि की कि बीजीबी मछुआरों की वापसी सुनिश्चित करने के लिए म्यांमार के अधिकारियों के साथ बातचीत कर रहा है।
सुब्रंग यूनियन परिषद के सदस्य अब्दुस सलाम ने कहा, “इस क्षेत्र के पांच मछुआरों को म्यांमार के नागरिकों ने तब पकड़ लिया, जब वे नाफ नदी में मछली पकड़ रहे थे। फिलहाल, इसकी पुष्टि नहीं हुई है कि उन्हें किसने पकड़ा है, लेकिन देश में चल रहे संघर्ष को देखते हुए, यह संदेह है कि अराकान सेना के सदस्य इसमें शामिल हैं।”
स्थानीय मछुआरों के अनुसार, जलियापारा के अब्दुल मजीद की तीन नावें मंगलवार की सुबह नाफ नदी में मछली पकड़ने के लिए निकली थीं। उस समय म्यांमार के कुछ हथियारबंद लोगों ने मछुआरों का पीछा किया। उन्होंने बताया कि दो नावें भागने में सफल रहीं, जबकि मजीद की नाव के पांच मछुआरों को पकड़ लिया गया।