जीतू पटवारी के नेतृत्व में कांग्रेस का उज्जैन में शासन प्रशासन के खिलाफ धरना प्रदर्शन

उज्जैन, 17 अगस्त (वार्ता) मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में आज यहां कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर शासन प्रशासन के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया।

 

श्री पटवारी के नेतृत्व में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के अलावा हजारों की संख्या में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यहां कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया और माफियाओं द्वारा किये जा रहे कथित भ्रष्टाचार, घपले और घोटालों को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।

 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने इस दौरान कहा कि वे ब्लाक अध्यक्ष, युवा कांग्रेस का जिला प्रदेश अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, विधायक और अब श्री राहुल गांधी ने उन्हें आप सब की सेवा करने के लिए कांग्रेस पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। वे आप सब को वचन देते हैं कि अगर कार्यकर्ता का पसीना गिरेगा तो वहां कांग्रेस नेताओं का खून बहेगा, सागर और छतरपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर अत्याचार हुआ तो वहीं जाकर सरकार को ललकारा है।

 

श्री पटवारी ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की सरकार द्वारा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को डराने धमकाने का काम किया जा रहा है। उज्जैन में ऐसे 27 केस हैं, जिनकी जमीनों पर कब्जा किया जा रहा है, तानाशाही चल रही है। उज्जैन में अराजकता और गुंडागर्दी का माहौल है। माफिया राज प्रदेश में चल रहा है।

 

पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा कि गरीब और गरीब होता जा रहा है। पूरे प्रदेश में दलित, आदिवासियों पर अत्याचार की घटनाओं का ग्राफ बढ़ रहा है। माफियाओं से भय और आक्रोश का माहौल जनता के बीच बना हुआ है।

 

नेता प्रतिपक्ष श्री सिंगार ने कहा कि किसान, गरीब, महिलाएं, बेरोजगार सब परेशान हैं। जमीनों का खेल उज्जैन से इंदौर तक पहुंच गया है। उज्जैन में कानून व्यवस्था बिगड़ी है, प्रशासन अधिकारी भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं। इस पर निष्पक्ष कार्यवाही करें, अन्यथा हमें बड़ा आंदोलन करना पड़ेगा।

 

इस अवसर पर पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, शहर अध्यक्ष मुकेश भाटी, उज्जैन निगम के नेता प्रतिपक्ष रवि राय, तराना विधायक महेश परमार, महिदपुर विधायक दिनेश जैन, समर सिंह सहित बड़ी संख्या में नेतागण एवं कांग्रेसजन उपस्थित थे।

Next Post

विदेशी पर्यटकों के आकर्षण का केन्द्र बनेगा व्हाइट टाइगर सफारी: शुक्ल

Sat Aug 17 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email रीवा/सतना, 17 अगस्त (वार्ता) मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा है कि मुकुन्दपुर का महाराजा मार्तंड सिंह जूदेव व्हाइट टाइगर सफारी एंड जू देशी-विदेशी पर्यटकों के आकर्षण का केन्द्र बनेगा। श्री शुक्ल महाराजा मार्तंड सिंह […]

You May Like

मनोरंजन