पूर्व विधायक शंशाक भार्गव सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि भाजपा में शामिल

भोपाल, (वार्ता) मध्यप्रदेश के विदिशा के पूर्व विधायक शशांक भार्गव सहित रायसेन, नर्मदापुरम और नरसिंहपुर जिले के कांग्रेस पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि आज यहां भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद एवं वरिष्ठ नेता सुरेश पचौरी ने अंगवस्त्र पहनाकर पार्टी में इनका स्वागत किया। भाजपा में शामिल होने वालों में पूर्व विधायक श्री भार्गव के अलावा रायसेन के जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष विकास शर्मा, विदिशा नगर अध्यक्ष सुरेश मोतियानी, कांग्रेस कमेटी के ब्लाक अध्यक्ष नरेन्द्र रघुवंशी, पंचायती राज विभाग के अध्यक्ष दीवान किरार, जिला उपाध्यक्ष देवेन्द्र राठौर ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

इसके अलावा नगर पालिका परिषद के पार्षद राजू दांगी, जिला उपाध्यक्ष सुनील खत्री, रायसेन के युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष विक्की भदौरिया, युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष सौरभ मीना, युवा कांग्रेस के रमन मेहरा, कृष्ण विश्वकर्मा शामिल हुए। साथ ही नर्मदापुरम संसदीय क्षेत्र से जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष बीनू बुधौलिया, जिला कार्यकारी अध्यक्ष शिवराज चंद्रोल, नरसिंहपुर जिले के करेली के पूर्व प्रदेश सचिव संजीव मिश्रा, हेमरा सरपंच मुरलीधर पटेल, तेन्दूखेडा कांग्रेस प्रवक्ता सुनील मोदी, तेन्दूखेडा के ब्लॉक सेवादल अध्यक्ष श्रीकांत मोदी, तेन्दूखेडा आईटी सेल अध्यक्ष नयन मोदी, कांग्रेस कमेटी के रायसेन जिला महामंत्री संतोष समेले, जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व महामंत्री एडव्होकेट श्याम कुमार चांडक, कांग्रेस के प्रदेश सचिव बलवीर चौहान ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वाले नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा का परिवार निरंतर बढ़ रहा है। भाजपा में छोटे से कार्यकर्ता को भी बड़ी जिम्मेदारी मिलती है। उन्होंने कहा कि हो सकता है आगामी दिनों में आपको भी पार्टी में बड़ा मौका मिल जाए। पार्टी की विचारधारा और प्रधानमंत्री श्री मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर आप सभी पार्टी में शामिल हुए। हम सब मिलकर प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में काम करेंगे।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि भाजपा में सिर्फ बड़े नेता ही नहीं देश भर में हर बूथ पर भाजपा का सदस्यता अभियान चल रहा है। समाज के विभिन्न वर्गों के लोग भी बड़ी संख्या में पार्टी से जुड़ रहे हैं। विदिशा में पूर्व विधायक श्री भार्गव ही कांग्रेस को जीवित किए हुए थे। आज श्री भार्गव के साथ विदिशा जिले की पूरी कांग्रेस पार्टी ही भाजपा में शामिल हो गई है। भाजपा में नौजवानों के साथ काम करने में प्रधानमंत्री श्री मोदी का फोकस है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में कार्य करने के लिए आप सभी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है।

पूर्व मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि श्री भार्गव जननेता हैं। विदिशा में श्री भार्गव कांग्रेस का नेतृत्व करने वाले और पार्टी के सबसे सशक्त चेहरा थे। वे वहां से पांच बार चुनाव लड़े। अलग-अलग दलों से हम विदिशा में चुनाव लड़ते रहे, लेकिन मित्र भी रहे हैं। आज भाजपा की रीति-नीति व प्रधानमंत्री श्री मोदी के कार्यों से प्रभावित होकर वे हमारे परिवार में शामिल हो रहे हैं। जब श्री भार्गव कांग्रेस में थे, तब भी वे उनका आदर करते थे। आज कांग्रेस की दिशा-दशा और दृष्टि अलग है, इस कारण और प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश में जो विकास के कार्य हुए है उससे प्रभाति होकर श्री भार्गव को लगा कि वे भाजपा में शामिल होकर ही जनता की सेवा कर सकते हैं। विदिशा, नरसिंहपुर और रायसेन के नेता पार्टी में आए हैं, वे उनका हृदय से भाजपा परिवार में स्वागत करते हैं।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, विदिशा जिला अध्यक्ष डॉ राकेश सिंह जादौन, मुकेश टंडन उपस्थित रहे।

Next Post

एसीसी ने महिला एशिया कप का कार्यक्रम किया जारी

Wed Mar 27 , 2024
नयी दिल्ली (वार्ता) एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) ने मंगलवार को महिला टी-20 एशिया कप का कार्यक्रम जारी कर दिया है। श्रीलंका के दांबुला में 19 जुलाई से महिला टी-20 एशिया कप 2024 टूर्नामेंट की शुरुआत होगी। टूर्नामेंट 28 जुलाई तक चलेगा। इस बार श्रीलंका की महिला टीम एशिया कप में […]

You May Like