वेतन वृद्धि से असंतुष्ट बंगलादेशी कपड़ा श्रमिकों का विरोध प्रदर्शन जारी

ढाका, 25 नवंबर (वार्ता) बंगलादेश में न्यूनतम वेतन में 36 प्रतिशत की बढ़ोतरी के सरकारी फैसले से असंतुष्ट परिधान श्रमिक बुधवार को फिर सड़कों पर उतर आये।

श्रमिकों का कहना है कि यह वृद्धि उनके दैनिक खर्चों को पूरा करने के लिए पर्याप्त नहीं है।

न्यूनतम वेतन बोर्ड के अध्यक्ष सैयद आजाद सुब्हानी ने लगभग 12 घंटे की बातचीत के बाद बुधवार तड़के न्यूनतम मासिक वेतन 12,500 टका (100 डॉलर) से बढ़ाकर 17,000 टका (137 डॉलर) करने की घोषणा की, जिसे श्रम एवं रोजगार मंत्रालय की मंजूरी के बाद एक दिसंबर से लागू किया जाना है और इसका भुगतान जनवरी से मिलेगा।

छह सदस्यीय बोर्ड में नियोक्ताओं के प्रस्ताव को चार सदस्यों का समर्थन मिला, जबकि श्रमिक प्रतिनिधियों के 18,000 टका (145 डॉलर) के प्रस्ताव को केवल दो वोट मिले। इस चार-ग्रेड वेतन संरचना में मासिक वेतन 17,000 से 21,500 टका (173 डॉलर) तक तय किया गया है, जबकि श्रमिकों ने बढ़ती महंगाई के कारण शुरुआत में 32,000 टका (257 डॉलर) की मांग रखी थी।

वेतन वृद्धि के खिलाफ गाजीपुर सहित कई स्थानों पर हुए प्रदर्शनों के कारण प्रमुख राजमार्गों पर यातायात बाधित रहा और कम से कम 20 कारखाने बंद करने पड़े, जहां भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस और साउंड ग्रेनेड का इस्तेमाल किया। श्रमिक नेताओं का कहना है कि अभी तक मूल वेतन और भत्तों का स्पष्ट विवरण जारी नहीं किया गया है।

उल्लेखनीय है कि एचएंडएम, जारा, वॉलमार्ट और गैप जैसे अंतरराष्ट्रीय ब्रांडों को आपूर्ति करने वाले और देश की निर्यात आय में 80 प्रतिशत से अधिक का योगदान देने वाले इस उद्योग में 40 लाख से ज्यादा लोग कार्यरत हैं।

बंगलादेश गारमेंट मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन के सर्वेक्षण के अनुसार, पिछले 20 दिनों से अधिक के गतिरोध के कारण 317 कारखानों को लगभग 42.8 करोड़ डॉलर का उत्पादन नुकसान हुआ है, जबकि खरीदारों ने लगभग 25.4 करोड़ डॉलर के ऑर्डर अन्य देशों में स्थानांतरित कर दिए हैं।

 

Next Post

साइबर हमलों में ईरानी संलिप्तता के आरोपों को ईरान पर दबाव बढ़ाने के बहाने के रूप में इस्तेमाल कर सकता है अमेरिका

Wed Nov 25 , 2026
वाशिंगटन, 25 नवंबर (वार्ता) अमेरिका -ईरान के बीच रुकी बातचीत के बीच अमेरिका वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाकर किये गये साइबर हमलों की शृंखला में ईरानी संलिप्तता के आरोपों का इस्तेमाल ईरान पर दबाव बढ़ाने के लिए कर सकता है, हालांकि अमेरिकी जांचकर्ता अभी तक इन हमलों और ईरानी सरकार […]

You May Like