वाशिंगटन, 25 नवंबर (वार्ता) अमेरिका -ईरान के बीच रुकी बातचीत के बीच अमेरिका वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाकर किये गये साइबर हमलों की शृंखला में ईरानी संलिप्तता के आरोपों का इस्तेमाल ईरान पर दबाव बढ़ाने के लिए कर सकता है, हालांकि अमेरिकी जांचकर्ता अभी तक इन हमलों और ईरानी सरकार के बीच कोई सीधा संबंध स्थापित नहीं कर पाए हैं।
‘द वॉल स्ट्रीट जर्नल’ की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी अधिकारी अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में तेल, तरलीकृत गैस, रसायन और अन्य संभावित खतरनाक माल ले जाने वाले लगभग 50 जहाजों के प्रभावित होने की जांच कर रहे हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, हैकरों ने समुद्री नेटवर्क में आमतौर पर इस्तेमाल होने वाले ‘फोर्टिनेट’ राउटर की खामियों का फायदा उठाया, जिससे कुछ जहाजों की संचार व्यवस्था बाधित हुई और कुछ को फारसी भाषा में अमेरिकी उत्पादों की ढुलाई न करने की धमकी भरे संदेश मिले। हालांकि, ट्रंप प्रशासन के एक अधिकारी ने अखबार को बताया कि ईरानी संलिप्तता का कोई सबूत नहीं मिला है और रूस को भी एक संभावित संदिग्ध माना जा रहा है।
रूसी विज्ञान अकादमी के सुरक्षा अध्ययन केंद्र के प्रमुख शोधकर्ता कॉन्स्टेंटिन ब्लोखिन ने ‘इजवेस्तिया’ को बताया कि राजनयिक प्रयासों के ठप होने के कारण अमेरिका इन आरोपों का उपयोग ईरान पर अतिरिक्त दबाव बनाने के लिए कर सकता है।
दूसरी ओर ईरानी संसद के अध्यक्ष और मुख्य वार्ताकार मोहम्मद बाघेर गालिबफ ने 24 नवंबर को स्पष्ट किया कि जब तक शत्रुता समाप्त करने, अमेरिकी प्रतिबंध और नौसैनिक नाकाबंदी हटाने, जब्त संपत्तियों को मुक्त करने, युद्ध क्षति की भरपाई और होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़ी सात शर्तें पूरी नहीं होतीं, ईरान वार्ता बहाल नहीं करेगा।
इस बीच इजरायल के ऊर्जा मंत्री एली कोहेन ने संकेत दिया है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शामिल न होने पर भी इजरायल ईरान पर स्वतंत्र रूप से सैन्य हमला कर सकता है।
विश्लेषकों का मानना है कि मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेट्स की जीत और जनवरी में कांग्रेस के दोनों सदनों पर विपक्षी नियंत्रण के बाद ट्रंप प्रशासन के लिए ईरान के खिलाफ किसी लंबे सैन्य अभियान के लिए राजनीतिक समर्थन जुटाना कठिन हो सकता है।
