ICGS सुजय ने श्रीलंका के त्रिंकोमाली में यात्रा पूरी की, समुद्री सहयोग को मिला बढ़ावा

नई दिल्ली। भारतीय तटरक्षक बल (ICG) के जहाज सुजय ने श्रीलंका के त्रिंकोमाली में 23 से 25 नवंबर तक की तीन दिवसीय यात्रा सफलतापूर्वक पूरी की। इस यात्रा का उद्देश्य समुद्री प्रदूषण से निपटने के क्षेत्र में भारत और श्रीलंका के बीच द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करना और दोनों देशों के बीच आपसी संबंधों को बढ़ावा देना था।

यात्रा के दौरान जहाज पर तैनात विशेषज्ञ प्रदूषण प्रतिक्रिया दल ने श्रीलंका तटरक्षक बल (SLCG) के कर्मियों को समुद्री प्रदूषण प्रतिक्रिया उपकरणों के संचालन और तैनाती का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। इससे समुद्री प्रदूषण से निपटने और समुद्री पर्यावरण को स्वच्छ रखने के लिए दोनों देशों की संयुक्त परिचालन क्षमता मजबूत हुई।

इस दौरान दोनों देशों के बीच मैत्री और जनसंपर्क बढ़ाने के उद्देश्य से कई गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इनमें ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ विषय पर संयुक्त योग सत्र, मैत्रीपूर्ण वॉलीबॉल मैच और स्थानीय नागरिकों के लिए जहाज का भ्रमण शामिल रहा।

यात्रा का एक प्रमुख आकर्षण भारत-श्रीलंका ‘मैत्री सेतु यात्रा’ संयुक्त अंतरराष्ट्रीय साइकिल अभियान में शामिल 22 एनसीसी कैडेटों, तीन अधिकारियों और सात सहयोगी कर्मचारियों का जहाज पर पहुंचना रहा। यह दल 26 नवंबर को त्रिंकोमाली से कराईकल के लिए समुद्री यात्रा पर रवाना होगा।

भारत की ‘नेबरहुड फर्स्ट’ नीति और SAGAR (क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा एवं विकास) के दृष्टिकोण के अनुरूप आयोजित यह यात्रा दोनों देशों के मजबूत समुद्री संबंधों को और सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण रही। इससे हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा, क्षमता निर्माण और सुरक्षित समुद्री वातावरण सुनिश्चित करने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता भी जाहिर हुई।

 

 

Next Post

APO भर्ती-2025 की प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट रद्द, हाईकोर्ट का बड़ा आदेश; नए सिरे से बनेगी मेरिट लिस्ट

Wed Nov 25 , 2026
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में सहायक अभियोजन अधिकारी (APO) भर्ती परीक्षा को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। हाईकोर्ट ने यूपी लोक सेवा आयोग (UPPSC) की APO भर्ती-2025 की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम निरस्त कर दिया है। कोर्ट ने आयोग को नए सिरे से मेरिट लिस्ट तैयार करने और […]

You May Like