दो दर्जन कलेक्टर बदले, लेकिन नहीं बदले जिला अस्पताल के हाल

शाजापुर, शाजापुर जिला मुख्यालय पर जब पुराने भवन में अस्पताल था, तब भी अव्यवस्थाएं थी. मरीजों का इलाज ढंग से नहीं होता था. प्रसूता महिलाओं से पैसे मांगे जाते थे. नया ट्रामा सेंटर बना, भवन तो मिल गया, लेकिन रंग-ढंग वही है, जो 20 साल पहले रहते थे. शाजापुर में एक से एक दबंग, सख्त कलेक्टर आए, लेकिन वे भी इस अस्पताल की व्यवस्था को नहीं सुधार पाए. कई कलेक्टरों ने लगाम लगाने के प्रयास भी किए, लेकिन आखिर में अस्पताल की अव्यवस्थाओं के सामने उन्होंने भी घुटने टेक दिए. अब देखना है कि नए कलेक्टर साहब इस बिगड़े अस्पताल का इलाज कर पाते हैं या वो भी उसी सूची में अपना नाम दर्ज कराएंगे, जो अस्पताल की व्यवस्थाओं को ठीक करने का दावा-वादा करते थे.

गौरतलब है कि जिला चिकित्सालय भ्रष्टाचार का केंद्र और मरीजों के साथ अभद्रता का अड्डा बन गया है. खासकर महिलाओं की डिलीवरी के समय चिल्लाचोट न हो, ऐसा हो ही नहीं सकता है. सरकारी अस्पताल के डॉक्टर के साथ जिस महिला की निजी अस्पताल में डिलीवरी की सेटिंग हो जाती है, उसका इलाज ठीक होता है और बाकी अधिकांश महिलाओं को क्रिटिकल बताकर बाहर रैफर कर दिया जाता है. ट्रामा सेंटर अस्पताल कम रैफर सेंटर ज्यादा है. कभी मरीजों के साथ अभद्रता के मामले देखने को मिलते हैं, तो कभी प्रायवेट एजेंसियों की मनमानी और दादागिरी देखने को मिलती है. अभी तक शाजापुर में लगभग 2 दर्जन से अधिक कलेक्टरों ने कलेक्टरी की, लेकिन किसी से भी बीमार अस्पताल का इलाज नहीं हो पाया. यहां तक कि डिप्टी कलेक्टरों को नोडल अधिकारी बनाया था, लेकिन डिप्टी कलेक्टर भी डॉक्टरों की लॉबी के सामने हाथ जोडक़र निकल गए. अब देखना है कि नए कलेक्टर जो खुद पेशे से डॉक्टर हैं, वो मरीज का मर्ज समझकर क्या इस बीमार अस्पताल का इलाज सही मायने में कर पाएंगे या वो भी अस्पताल की अव्यवस्थाओं के आगे हार मान लेंगे.

सबसे ज्यादा फजीहत प्रसूताओं की…

ग्रामीण क्षेत्र से जो गर्भवती महिलाएं डिलीवरी के लिए सरकारी अस्पताल में आती हैं, उन्हें सबसे ज्यादा दिक्कत होती है. क्योंकि अगर वो इलाज के लिए अगर सीधे सरकारी अस्पताल में चली जाएं, तो उनका ठीक से इलाज नहीं होता और ऐन मौके पर उन्हें क्रिटिकल केस बताकर अन्य शहरों में रैफर कर दिया जाता है. वहीं इसके उलट यदि गर्भवती महिला किसी सरकारी स्त्री रोग विशेषज्ञ के निजी क्लिनिक पर चली जाए और फिर वहां से सरकारी अस्पताल आए, तो उसकी अच्छी देखरेख होती है और डिलीवरी के दौरान उसे कोई परेशानी भी नहीं आती. कई मामलों में ऐसा भी देखा गया है कि डिलीवरी के पहले स्त्री रोग विशेषज्ञ और स्टाफ द्वारा प्रसूताओं से पैसे की मांग भी की जाती है, यदि इनकी मांग पूरी कर दी जाती है, तो डिलीवरी यहीं हो जाती है. और यदि मांग पूरी नहीं होती, तो फिर गर्भवती महिला को तुरंत रैफर कर दिया जाता है. फिर मरीज ऐसे ही परेशान होते रहेंगे

Next Post

खेत में बिछे करंट से फिर हुई इंसानी मौत,गाय समेत कई मवेशियों के भी मौत की खबर

Mon Nov 23 , 2026
उमरिया। खेतों में फसल की सुरक्षा के नाम पर बिछाया जा रहा करंट का जाल अब इंसानों और बेजुबान जानवरों की जान का दुश्मन बनता जा रहा है।कोतवाली थाना अंतर्गत ग्राम भरौला में खेत में प्रवाहित विद्युत करंट की चपेट में आने से स्थानीय निवासी रामफल पिता चमरू यादव (50 […]

You May Like