इंदौर: बहुचर्चित टीआई हाकमसिंह पंवार शूट एंड सुसाइड केस में फंसी महिला एएसआई रंजना खांडे को पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया है. विभागीय जांच में उसके खिलाफ गंभीर अनियमितताएं और पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने के आरोप साबित हुए हैं. रंजना पर टीआई का अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का भी आरोप है.
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जुलाई 2022 में भोपाल के श्यामला हिल्स थाने में पदस्थ टीआई हाकमसिंह पंवार ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी.आत्महत्या से पहले उन्होंने कंट्रोल रूम में पदस्थ एएसआई रंजना खांडे पर भी फायर किया था, लेकिन वह बाल-बाल बच गई थी. इसके बाद टीआई के परिजनों ने रंजना पर ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया था, जिसके बाद तत्कालीन पुलिस आयुक्त ने इस पूरे मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया था.
मुख्यालय डीसीपी प्रकाश सिंह परिहार ने प्रारंभिक जांच में केवल वेतन वृद्धि रोकने की सजा दी थी, लेकिन वर्तमान पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने पुनरीक्षण के दौरान मामले को री-ओपन कर दिया. पुनः जांच में आरोप गंभीर पाए जाने पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आरके सिंह ने रंजना खांडे को पुलिस सेवा से पृथक कर दिया.
तीसरी पत्नी और अन्य भी बने आरोपी
इस मामले में छोटी ग्वालटोली थाना में मर्ग कायम कर जांच की गई थी. पुलिस ने हाकमसिंह की तीसरी पत्नी रेशमा शेख उर्फ जग्गू, एएसआई रंजना खांडे, उसके भाई कमलेश खांडे और कपड़ा कारोबारी गोविंद जायसवाल को भी आरोपी बनाया है. पुलिस ने रंजना को उज्जैन से गिरफ्तार कर कोर्ट में चालान पेश कर दिया है.
