वाशिंगटन, 23 नवंबर (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तीन नवंबर को हुए मध्यावधि चुनावों के बाद तेल की कीमतों में आई भारी गिरावट को अपनी पूर्व भविष्यवाणियों से जुड़ी घटनाओं का परिणाम बताया है। उन्होंने एक बार फिर आरोप लगाया कि डेमोक्रेट्स और ईरान ने ऊर्जा की कीमतें ऊंची बनाए रखने की कोशिश की थी। श्री ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में तेल की कीमतों में गिरावट को अपनी पहले की भविष्यवाणी का प्रमाण बताते हुए चुनाव से जुड़ी घटनाओं को “बड़ा धोखा” करार दिया। उन्होंने लिखा, “क्या यह दिलचस्प नहीं है कि मध्यावधि चुनावों के बाद तेल की कीमतों में भारी गिरावट आई है? मैंने कहा था कि ऐसा होने वाला है। यह पूरा मामला एक बड़ा धोखा है!”
श्री ट्रंप ने कहा कि उन्होंने मध्यावधि चुनावों से पहले दो भविष्यवाणियां की थीं। पहली, डेमोक्रेट्स की जीत से शेयर बाजार में भारी गिरावट आएगी और दूसरी, ईरान अपने हमलों को और तेज करेगा। उन्होंने दावा किया कि दोनों घटनाएं हुई हैं। उनका आरोप है कि ईरान ने पिछले एक सप्ताह में एक साल से अधिक समय की किसी भी अवधि की तुलना में अधिक ड्रोन और मिसाइलें दागी हैं।
श्री ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईरान के सभी ड्रोन और मिसाइलों को बिना किसी नुकसान के रोक दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान डेमोक्रेटिक पार्टी को कमजोर और अप्रभावी मानता है। साथ ही उन्होंने कहा कि वह अमेरिका को कमजोर नहीं होने देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि डेमोक्रेट्स और ईरान यथासंभव लंबे समय तक तेल की कीमतें ऊंची बनाए रखने के लिए काम कर रहे थे और चुनाव के बाद कीमतों में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है।
उन्होंने चुनाव के नतीजों को लेकर मतदाताओं पर निराशा जताते हुए कहा कि मतदान से पहले वे घटनाक्रम को समझने में विफल रहे। उन्होंने चुनाव को “बेहद अजीब” बताया। श्री ट्रंप की ये टिप्पणियां फरवरी के अंत में ईरान पर अमेरिका-इजरायल के युद्ध की शुरुआत के बाद ईरान और खाड़ी देशों के बीच बढ़े तनाव के बीच आई हैं।

