जबलपुर: गोरखपुर और रांझी थाना क्षेत्र में शातिर साइबर अपराधियों ने कहीं बैंक खाता हैक करके, कहीं इंस्टाग्राम शॉपिंग के नाम पर डरा-धमका कर, तो कहीं फर्जी बैंक ऐप डाउनलोड कराकर कुल 1 लाख 92 हजार 680 रुपये की ठगी की है। पुलिस ने तीनों ही मामलों में पीड़ितों की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गोरखपुर पुलिस ने बताया कि आईटी पार्क में प्राइवेट जॉब करने वाले ज्ञानेन्द्र पटेल (31) का बैंक खाता हैक करकेअज्ञात ठग ने 45,000 उड़ा दिए। मोबाइल चेक करने पर उन्हें पैसे कटने का मैसेज मिला। इसी तरह नर्सिंग छात्रा हेमलता धुर्वे (23) को इंस्टाग्राम शॉपिंग के बाद व्हाट्सएप पर अमेज़न का फर्जी कॉल आया। ऑर्डर कैंसिल करने के नाम पर डरा-धमका कर ठग ने छात्रा और उसकी मां के खाते से 7 बार में कुल 80,000 ऐंठ लिए। वहीं रांझी पुलिस ने बताया आदर्श नगर निवासी सौरभ सोनी (37) को अज्ञात नंबर से कॉल आया। ठग के कहे अनुसार एक्सिस बैंक का फर्जी ऐप डाउनलोड करते ही उनका मोबाइल हैक हो गया और खाते से किश्तों में 67,680 साफ हो गए।
