भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने पिछले 10 दिनों में बैतूल, ग्वालियर और शिवपुरी जिलों में अपहरण के तीन गंभीर मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए सभी पीड़ितों को सकुशल मुक्त कराया है और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। महिलाओं, बच्चों और युवाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने तकनीकी दक्षता, मजबूत मुखबिर तंत्र और संयुक्त टीमों की त्वरित कार्रवाई से यह सफलता हासिल की।
बैतूल जिले में कोतवाली पुलिस ने युवक के अपहरण और उसके पिता से फिरौती की मांग की सूचना मिलते ही प्रकरण दर्ज कर तेजी से कार्रवाई की। मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस चौकी खेड़ी सावलीगढ़ एवं थाना झल्लार की संयुक्त टीम ने ठेमगांव क्षेत्र से अपहृत युवक को सकुशल बरामद किया और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
ग्वालियर में ऑपरेशन मुस्कान के तहत थाना गोला का मंदिर पुलिस ने ग्वालियर मेले से अपहृत एक वर्षीय मासूम बच्चे को चंद घंटों में सुरक्षित बरामद किया। त्वरित निर्देशों और सतर्क कार्रवाई से आरोपी की पहचान कर बच्चे को सुरक्षित मुक्त कराया गया, जिस पर परिजनों ने पुलिस के प्रति आभार जताया।
शिवपुरी के नरवर क्षेत्र में महिला और उसके दो बच्चों के अपहरण के मामले में पुलिस ने 18 घंटे के भीतर सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी संसाधनों और मुखबिर तंत्र की मदद से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पीड़ितों को सकुशल मुक्त कराया।
वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि यह त्वरित कार्रवाई पुलिस की संवेदनशीलता, पेशेवर दक्षता और समाज के कमजोर वर्गों की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
