सघन कॉम्बिंग अभियान, 33 मोबाइल बरामद; 26 वारंटी और 3 फरार आरोपी गिरफ्तार, सोरवा में 10.97 लाख की अवैध शराब जब्त

आलीराजपुर, जिले में अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में जोबट अनुभाग में चलाए गए सघन कॉम्बिंग गश्त अभियान के दौरान पुलिस ने 33 गुम मोबाइल बरामद करने के साथ 26 वारंटियों तथा तीन फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं थाना सोरवा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3,369 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख 97 हजार 280 रुपये बताई गई है।

 

पुलिस अधीक्षक आलीराजपुर श्री रघुवंश सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्योति उमठ बघेल एवं एसडीओपी जोबट श्री आशुतोष पटेल के पर्यवेक्षण में 20 अगस्त को जोबट अनुभाग के सभी थाना क्षेत्रों में कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य फरार आरोपियों एवं वारंटियों की धरपकड़, गुम मोबाइलों की बरामदगी, गुम इंसानों एवं नाबालिगों की दस्तयाबी तथा साइबर संबंधी नोटिसों की तामीली करना रहा।

 

अभियान के दौरान पुलिस ने 10 स्थाई वारंट और 16 गिरफ्तारी वारंट तामील किए। हत्या, चोरी एवं दुष्कर्म के एक-एक मामले में फरार तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 56 गुंडों और 31 बदमाशों की चेकिंग की गई। थाना जोबट क्षेत्र से दो गुम इंसानों तथा थाना उदयगढ़ क्षेत्र से एक नाबालिग की दस्तयाबी भी की गई। विभिन्न थाना क्षेत्रों से बरामद किए गए 33 गुम मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये है, जिन्हें उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द करने की कार्रवाई की जा रही है। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर भी निगरानी रखी गई।

 

इधर, थाना सोरवा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम मोरियावाड़ा सयणी फलिया में नाले के पास स्थित एक मकान में दबिश देकर बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की। तलाशी के दौरान मकान में शराब की पेटियां संगृहीत मिलीं। पुलिस के अनुसार यहां से माउंट बीयर की 216 पेटियां, जिनमें कुल 2,592 बल्क लीटर शराब तथा गोवा व्हिस्की की 90 पेटियां, जिनमें कुल 777 बल्क लीटर शराब बरामद हुई। दोनों को मिलाकर कुल 3,369 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 10,97,280 रुपये है।

 

मामले में आरोपी रामसिंह मोर्य निवासी मोरियावाड़ा सयणी फलिया के विरुद्ध थाना सोरवा में अपराध क्रमांक 123/2026 के तहत धारा 34(1), 34(2) आबकारी अधिनियम में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।

 

कॉम्बिंग अभियान में थाना प्रभारी जोबट निरीक्षक विजय वास्कले, थाना प्रभारी उदयगढ़ निरीक्षक ब्रजभूषण हीरवे, थाना प्रभारी नानपुर निरीक्षक राजेश डावर, थाना प्रभारी बोरी निरीक्षक नेपालसिंह चौहान, थाना प्रभारी आंबुआ उपनिरीक्षक मोहन डावर सहित संबंधित थाना बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं अवैध शराब की कार्रवाई में थाना प्रभारी सोरवा उपनिरीक्षक मुकेश कनासिया, सउनि दारासिंह बघेल, म.प्र.आर. हीरा रावत, प्रधान आरक्षक माधव मौरे एवं आरक्षक सोमेश्वर का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Next Post

रतलाम के शासकीय मंदिर की बेशकीमती भूमि पर अवैध कब्जे की कोशिश नाकाम

Fri Aug 21 , 2026
रतलाम। ग्राम कुंवरवाड़ा (तहसील रावटी) स्थित प्रसिद्ध शासकीय मंदिर श्री नागनेश्वरजी माताजी मंदिर की करोड़ों रुपये मूल्य की शासकीय भूमि पर वर्षों से जारी अतिक्रमण और मालिकाना हक के दावे को न्यायालय ने पूरी तरह खारिज कर दिया है। सप्तम जिला न्यायाधीश राजेश नामदेव की अदालत ने वादी की अपील […]

You May Like