
नई दिल्ली। देश के सबसे बड़े निजी बैंक एचडीएफसी बैंक में शीर्ष स्तर पर हुए बदलाव के बाद बाजार में हलचल देखी जा रही है। पार्ट टाइम चेयरमैन अतानु चक्रवर्ती के इस्तीफे के बाद जहां निवेशकों और ग्राहकों के बीच बैंक के संचालन को लेकर आशंकाएं उभरने लगीं, वहीं भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने स्थिति स्पष्ट करते हुए भरोसा दिलाया कि बैंक की कार्यप्रणाली पर कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ेगा।
आरबीआई के बयान के बावजूद शेयर बाजार में शुरुआती प्रतिक्रिया नकारात्मक रही। 19 मार्च को एचडीएफसी बैंक के शेयरों में तेज गिरावट दर्ज की गई और यह करीब 8 प्रतिशत से अधिक गिरकर 770 रुपये के स्तर पर खुला। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ इसमें कुछ सुधार भी देखने को मिला। दोपहर लगभग 12 बजे तक बैंक का शेयर 4.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 808 रुपये के आसपास कारोबार करता नजर आया।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह गिरावट मुख्यतः नेतृत्व परिवर्तन से जुड़ी अनिश्चितता के कारण है, जबकि नियामक के आश्वासन से आगे स्थिति सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है।
