सतना : प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के दौरान पहली से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के नामांकन में पांच हजार से अधिक की भारी गिरावट दर्ज की गई है. इस गंभीर स्थिति को देखते हुए राज्य शिक्षा केंद्र के संचालक हरजिंदर सिंह ने सतना सहित प्रदेश के करीब एक दर्जन जिलों के जिला परियोजना समन्वयकों (डीपीसी) को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है. संचालक ने नामांकन में आई इस कमी को बेहद चिंताजनक मानते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा है.
विभागीय आंकड़ों के अनुसार पिछले शैक्षणिक सत्र 2025-26 में प्रदेश के स्कूलों में कुल 1,44,753 विद्यार्थियों का नामांकन दर्ज हुआ था जबकि चालू सत्र 2026-27 में यह संख्या सिमटकर 1,39,505 ही रह गई है. बीते वर्ष के मुकाबले इस बार 5,248 कम विद्यार्थियों का दाखिला हुआ है.
अधिकारियों की समीक्षा में सामने आया है कि इस गिरावट का मुख्य कारण कई विद्यार्थियों द्वारा बीच में ही पढ़ाई छोड़ देना है. वहीं दूसरा बड़ा कारण स्कूल प्रबंधन द्वारा यू-डाइस पोर्टल पर छात्रों का प्रोफाइल अपडेट करने में बरती गई लापरवाही मानी जा रही है. समय पर डेटा दर्ज न होने के कारण भी सूची में छात्रों की संख्या घटी नजर आ रही है. विभाग ने साफ किया है कि संतोषजनक जवाब न मिलने और समय पर डेटा दुरुस्त न करने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.
