नयी दिल्ली, 29 सितंबर (वार्ता) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने मंगलवार को कहा कि चुनाव आयोग कार्यालय की ओर शांतिपूर्ण मार्च के दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ दुर्व्यवहार किया गया और उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
पार्टी ने सोशल मीडिया पर हिरासत के बाद बस में बैठे नेताओं की वीडियो के साथ जारी एक बयान में कहा, “महासचिव एम.ए. बेबी, पोलित ब्यूरो सदस्य बी.वी. राघवुलु और आर. अरुण कुमार, वरिष्ठ नेता वृंदा करात और सुभाषिनी अली, दिल्ली राज्य सचिव अनुराग सक्सेना, राज्यसभा सदस्य वी. शिवदासन समेत कई वरिष्ठ नेताओं के साथ दिल्ली पुलिस ने कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया और उन्हें हिरासत में ले लिया।”
पार्टी के अनुसार, नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाने, मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को रोकने और कथित तौर पर मतदान के अधिकार से वंचित किये गये सभी लोगों के मताधिकार बहाल करने की मांग को लेकर चुनाव आयोग कार्यालय की ओर मार्च कर रहे थे।

