बम डिस्पोजल स्क्वॉड ने की सघन तलाशी
ईमेल से दी गई थी धमकी, जांच में जुटी पुलिस और क्राइम ब्रांच
इंदौर: सियागंज क्षेत्र स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल गुरुवार सुबह बैंक अधिकारियों को मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. बैंक प्रबंधन ने तत्काल इस बात की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद कोतवाली थाना पुलिस, बम डिस्पोजल स्क्वॉड और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं.
करीब एक घंटे तक चली तलाशी में बैंक परिसर और आसपास के इलाके की गहन जांच की गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई.
फिलहाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक तौर पर ईमेल फर्जी प्रतीत हो रहा है, लेकिन किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया गया है. मामले की जांच अब क्राइम ब्रांच और सेंट्रल कोतवाली पुलिस संयुक्त रूप से कर रही है. पुलिस ईमेल की स्रोत और भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है. इस धमकी से बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों में अफरा-तफरी मच गई थी, हालांकि तलाशी के बाद स्थिति सामान्य हो गई.
सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता से टली संभावित अनहोनी, फिलहाल राहत की सांस लेकिन जांच जारी. मामले में एसीपी विनोद कुमार दीक्षित ने बताया कि बैंक मैनेजर को एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें दोपहर 2 बजे बैंक को रिमोट कंट्रोल बम से उड़ाने की बात लिखी गई थी. सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने मोर्चा संभाल लिया और पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया. मामले में जांच की जा रही है.
