
सीधी । जिले की कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ एवं अभेद्य बनाने तथा विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से कलेक्टर विकास मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी की संयुक्त अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित सभागार में उच्च स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि प्रशासन और पुलिस एक ही सिक्के के दो पहलू हैं, जिनका एकमात्र उद्देश्य जिले की जनता की सेवा, सुरक्षा और विश्वास को सुदृढ़ करना है।बैठक में अपर जिला मजिस्ट्रेट बीपी पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द श्रीवास्तव, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अमन मिश्रा, उप पुलिस अधीक्षक सुजीत कड़वे तथा रक्षित निरीक्षक वीरेंद्र कुमरे सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
पुलिस और राजस्व समन्वय से सुशासन की नई रूपरेखा-
बैठक में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संयुक्त रूप से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। जटिल विवादों का मौके पर निराकरणः वर्षों से लंबित भूमि विवाद, सीमांकन एवं अतिक्रमण के मामलों के त्वरित निराकरण के लिए राजस्व (उपखंड अधिकारी/तहसीलदार) और पुलिस (अनुविभागीय अधिकारी पुलिस/थाना प्रभारी) की संयुक्त टीमें मौके पर जाकर कार्रवाई करेंगी। इससे विवादों के समाधान के साथ-साथ संभावित तनाव और हिंसक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा।
अवैध उत्खनन पर सख्त कार्रवाई-
रेत के अवैध उत्खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध पुलिस और राजस्व विभाग संयुक्त रूप से सघन अभियान चलाएंगे। कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन के नेटवर्क को समाप्त करना प्राथमिकता है, वहीं एसपी श्री कोरी ने पुलिस बल को कड़ी नाकेबंदी एवं त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
नशा मुक्त जिला अभियान-
मादक पदार्थों की तस्करी एवं नशाखोरी के विरुद्ध ष्जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। अवैध शराब, कोरेक्स एवं अन्य नशीले पदार्थों के स्रोतों को समाप्त करने हेतु खुफिया तंत्र को सशक्त कर संयुक्त छापेमारी की जाएगी। शिक्षण संस्थानों के आसपास विशेष निगरानी रखने पर भी जोर दिया गया।
त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़-
आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को संयुक्त फ्लैग मार्च एवं शांति समिति बैठकों के माध्यम से जनसंवाद बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
स्वस्थ मन और प्रसन्नता का संदेश-
बैठक के समापन सत्र में कलेक्टर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहाकृ ष्हम क्षेत्र की सुरक्षा और सेवा की जिम्मेदारी तभी बेहतर ढंग से निभा पाएंगे, जब हम स्वयं स्वस्थ और सकारात्मक रहेंगे। आप सभी अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें और हर परिस्थिति में प्रसन्न रहने का प्रयास करें।
