इंदौर:भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य इंदौर में पूरा हो गया है. इसके तहत आज जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया. मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के अनुसार इंदौर में 24 लाख 86 हजार 996 मतदाता है.जिला निर्वाचन अधिकारी शिवम वर्मा ने आज राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों की बैठक में मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की जानकारी दी. कलेक्टर वर्मा ने बताया कि इंदौर जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य पूर्ण हो गया है. मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है. जिले में अब कुल 24 लाख 86 हजार 996 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 12 लाख 52 हजार 332 पुरुष मतदाता, 12 लाख 34 हजार 569 महिला मतदाता तथा 95 अन्य मतदाता शामिल हैं. बैठक में मतदाता सूची में जिले का जेंडर रेश्यो 986 दर्ज किया गया है. बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी नवजीवन विजय पवार सहित अन्य अधिकारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे.
विस 5 में सबसे ज्यादा मतदाता
कलेक्टर ने जिले की विधानसभा क्षेत्र 203 देपालपुर में 2 लाख 55 हजार 354, 204 इंदौर-1 में तीन लाख 11 हजार 268, विधानसभा 205 इंदौर-2 में 2 लाख 89 हजार 962, विधानसभा 206 इंदौर-3 में एक लाख 54 हजार 131, विधानसभा 207 इंदौर-4 में 2 लाख 18 हजार 147 मतदाता, विधानसभा 208 इंदौर-5 में 3 लाख 52 हजार 849, विधानसभा 209 डॉ. अंबेडकर नगर (महू) में 2 लाख 66 हजार 115, विधानसभा क्षेत्र 210 राऊ में 3 लाख 38 हजार 544 तथा विधानसभा 211 सांवेर में 3 लाख 626 मतदाता हैं.
एक लाख 41 हजार आवेदन आए
बैठक में बताया गया कि पुनरीक्षण के दौरान फार्म-6 के 79 हजार 660 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 71 हजार 114 फार्म स्वीकार किए गए हैं। फार्म-7 के 6 हजार 796 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 5 हजार 959 आवेदन स्वीकार किए गए है. इसी प्रकार फार्म-8 के 54 हजार 928 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 49 हजार 396 आवेदन स्वीकार किए गए है. पूरे जिले में एक लाख 41 हजार आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से एक लाख 26 हजार 469 आवेदन स्वीकार किए है.
