सतना: नगर निगम सतना के महापौर योगेश कुमार ताम्रकार की अध्यक्षता में नगर निगम कार्यालय में संपत्तिकर एवं राजस्व शाखा की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त सहित राजस्व शाखा के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।समीक्षा बैठक के दौरान महापौर श्री ताम्रकार ने संपत्तिकर वसूली की वर्तमान स्थिति, बकाया करों की समीक्षा तथा चालू वित्तीय वर्ष के लक्ष्यों का बिंदुवार परीक्षण किया।
उन्होंने निर्देश दिए कि एक लाख रुपये से अधिक के समस्त बकायादारों के विरुद्ध नियमानुसार तत्काल, सख्त एवं परिणामपरक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि राजस्व वसूली में ठोस प्रगति दर्ज हो। महापौर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि संपत्तिकर नगर निगम की वित्तीय व्यवस्था की रीढ़ है और इस दायित्व में किसी भी स्तर पर लापरवाही, शिथिलता अथवा उदासीनता स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने राजस्व वसूली व्यवस्था को पूर्णतः समयबद्ध, पारदर्शी एवं लक्ष्य-केन्द्रित बनाने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति में विफल रहने अथवा कार्य में शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
