भोपाल में गेहूं तुलाई की स्थिति सामान्य, पर नए स्लॉट न खुलने से किसानों के सामने भंडारण का संकट

भोपाल: किसानों से मिल रही शिकायतों के बाद जिला आपूर्ति अधिकारी चंद्रभान सिंह जादौन ने गुरुवार को बैरसिया क्षेत्र के उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण किया. शिकायतों में कहा गया था कि किसानों को गेहूं तुलाई के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और केंद्रों पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी कतारें लगी रहती हैं.जादौन ने एक दर्जन से अधिक उपार्जन केंद्रों का दौरा किया, लेकिन मौके पर ऐसी स्थिति दिखाई नहीं दी. उन्होंने बताया कि हूजूर तहसील में अधिकांश गेहूं की तुलाई पूरी हो चुकी है और केंद्रों पर केवल एक-दो ट्रॉलियां ही शेष हैं, जिनकी तुलाई अगले एक-दो दिन में हो जाएगी. वहीं बैरसिया क्षेत्र में भी ज्यादा भीड़ नहीं है. यहां प्रतिदिन तीन से चार ट्रॉलियां ही तुलाई के लिए पहुंच रही हैं और अगले तीन-चार दिनों में बुक किए गए सभी स्लॉट की तुलाई पूरी कर ली जाएगी.
लाखों क्विंटल गेहूं अभी भी किसानों के पास
जिले में फिलहाल पुराने स्लॉट के आधार पर गेहूं खरीदी और तुलाई का कार्य चल रहा है. इसके बावजूद लाखों क्विंटल गेहूं अब भी किसानों के घरों और खेतों में रखा हुआ है. किसानों के सामने भंडारण की समस्या खड़ी हो गई है, जबकि सरकार ने फिलहाल नए स्लॉट बुकिंग पर रोक लगा रखी है.किसानों का कहना है कि यदि जल्द स्लॉट बुकिंग शुरू नहीं हुई और बारिश का दौर शुरू हो गया तो बड़ी मात्रा में गेहूं खराब हो सकता है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा. किसान अब नई स्लॉट बुकिंग शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं.
केंद्र सरकार से मंजूरी का इंतजार
सूत्रों के अनुसार राज्य सरकार ने किसानों के हित को देखते हुए 20 लाख मीट्रिक टन अतिरिक्त गेहूं खरीदी के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा है. हालांकि अभी तक इस प्रस्ताव को मंजूरी नहीं मिली है. मंजूरी मिलने के बाद नए स्लॉट जारी किए जा सकते हैं और किसानों की शेष फसल की तुलाई भी उपार्जन केंद्रों पर हो सकेगी.

Next Post

भारत के अरबपतियों की संपत्ति एक ट्रिलियन डॉलर के पार, मुकेश अंबानी सबसे अमीर; 10 रईसों को उठाना पड़ा बड़ा नुकसान

Fri May 22 , 2026
हैदराबाद | भारतीय अरबपतियों की कुल संपत्ति ने वर्ष 2026 में पहली बार एक ट्रिलियन डॉलर (लगभग 97.5 लाख करोड़ रुपये) का ऐतिहासिक आंकड़ा पार कर लिया है। फोर्ब्स की ताजा सूची के अनुसार, मुकेश अंबानी 99.7 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ देश के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं, […]

You May Like