जबलपुर: गोसलपुर थाना अंतर्गत बरनू तिराहे पर सड़क किनारे बिना किसी इंडिकेटर या सुरक्षा संकेत के खड़े एक ट्रक से मोटरसाइकिल की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पोड़ी कला निवासी ललित उर्फ गुलशन चक्रवर्ती पिता राजा चक्रवर्ती 35 वर्षीय अपने दो दोस्तों आशीष चक्रवर्ती और अजय राय के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने घर जा रहे थे। सफर के दौरान जैसे ही उनकी बाइक बरनू तिराहे के पास पहुंची, वहां पहले से खड़े ट्रक क्रमांक एमपी 20 जे डब्ल्यू 9305 से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। सड़क दुर्घटना की आवाज सुनकर आस-पास के लोग मौके पर दौड़े और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
हादसे में ललित उर्फ गुलशन चक्रवर्ती को सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनके साथी आशीष और अजय राय लहूलुहान हालत में सड़क पर तड़प रहे थे। पुलिस ने लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर हालत में जबलपुर अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल दोनों का इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक ने अपने वाहन को सड़क किनारे बेहद लापरवाही पूर्वक और खतरनाक तरीके से खड़ा कर रखा था, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर फरार ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
