जबलपुर: संजीवनी नगर थाना अंतर्गत गंगानगर स्थित सदानंद सोसायटी में गाड़ी पार्किंग विवाद पर देर रात खूनी संघर्ष हो गया। दो पड़ोसी गुटों के बीच जमकर लात-घूंसे और पत्थर चले, जिसमें महिलाओं समेत दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। हंगामे के दौरान एक पक्ष के इलेक्ट्रिक वाहन में तोड़फोड़ भी की गई। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर केस दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
पुलिस के मुताबिक गंगानगर स्थित सदानंद सोसायटी निवासी सुमित दुबे (38) ट्रेवल्स का व्यवसाय करते हैं, उन्होंने पुलिस को बताया कि वे अपनी दुकान बंद कर घर लौटे थे। अपनी गाड़ी सड़क पर खड़ी की, तभी पड़ोसी नंदू पुरानी रंजिश के तहत अपनी गाड़ी का हॉर्न तेज आवाज में बजाने लगा। जब सुमित ने नंदू से अपने पिता से बात करने को कहा, तो नंदू उनसे उलझ गया और झूमाझपटी शुरू कर दी। शोर सुनकर सुमित के भाई अमित दुबे, उनकी पत्नी और भाभी बीच-बचाव करने पहुंचे। इसी बीच नंदू और उसकी मां ने सुमित और अमित पर पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे दोनों के सिर पर गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
रास्ता मांगने पर पूरे परिवार को पीटा, स्कूटर तोड़ी
दूसरे पक्ष से एमसीए छात्र आकाश गिरी (23) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपनी गाड़ी अंदर पार्क करने जा रहा था। सड़क पर पहले से सुमित और अमित दुबे की गाड़ियां खड़ी थीं, जिससे रास्ता बंद था। आकाश ने गाड़ी हटाने के लिए हॉर्न बजाया, तो दोनों भाई घर से बाहर आकर विवाद करने लगे। आकाश ने जब शालीनता से बात करने को कहा, तो सुमित और अमित ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। बेटे को पिटता देख जब उसकी मां ममता गिरी और बहन आराधना बीच-बचाव करने आईं, तो आरोपियों ने महिलाओं के साथ भी बर्बरता से हाथापाई की, जिससे उन्हें चोटें आईं। इस दौरान आरोपियों ने आकाश की ओला इलेक्ट्रिक स्कूटर में भी तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकी दी
