संजय टाइगर रिजर्व के विस्थापित ग्रामों में पहुंचे कलेक्टर, सुनी ग्रामीणों की भावनाएं और अपेक्षाएं

सीधी। संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्रस्तावित विस्थापित ग्राम तिनगी (तिलया), साईडोल एवं भैसवाही में गुरुवार को कलेक्टर श्री विकास मिश्रा ने पहुंचकर ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने ग्रामवासियों की समस्याएं, आशंकाएं और अपेक्षाएं सुनीं तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनर्वास की पूरी प्रक्रिया संवेदनशीलता, पारदर्शिता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाए।

कलेक्टर ने ग्राम तिनगी (तिलया) और साईडोल में ग्रामीणों के बीच बैठकर पुनर्वास से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विस्थापन की प्रक्रिया के दौरान किसी भी पात्र परिवार को असुविधा न हो तथा शासन द्वारा निर्धारित सभी लाभ और सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन का उद्देश्य केवल लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर बसाना नहीं, बल्कि उन्हें बेहतर जीवन, सुरक्षित आवास और उन्नत भविष्य के अवसर उपलब्ध कराना है। ग्रामीणों ने कलेक्टर के समक्ष पुनर्वास से संबंधित विभिन्न विषय रखे, जिन पर उन्होंने गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा तथा पुनर्वास प्रक्रिया में निरंतर संवाद बनाए रखा जाएगा। भैसवाही विस्थापित ग्राम में कलेक्टर ने आजीविका और आर्थिक सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान देते हुए रोजगार मेला एवं पशु मेला आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुनर्वास के बाद परिवारों की आय के स्थायी स्रोत विकसित करना उतना ही महत्वपूर्ण है जितना उन्हें बेहतर आवास उपलब्ध कराना। ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने तथा आवश्यक दस्तावेजों के अद्यतन के लिए ई-केवाईसी शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र में वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन की दृष्टि से ग्रामों का पुनर्वास एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके साथ ही यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि विस्थापित परिवारों का जीवन स्तर बेहतर हो, उन्हें गुणवत्तापूर्ण आधारभूत सुविधाएं मिलें और उनके बच्चों के लिए शिक्षा तथा परिवारों के लिए आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध हों।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुनर्वास से जुड़े सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि पुनर्वास की प्रक्रिया विश्वास, सहयोग और सहभागिता के साथ सफलतापूर्वक पूर्ण हो सके। इस दौरान उपखंड अधिकारी कुसमी शैलेश द्विवेदी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत ज्ञानेंद्र मिश्रा सहित वन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

समाचार क्रमांक 37-1145 फोटो क्रमांक 83, 84

अवैध रेत परिवहन पर खनिज विभाग की कार्रवाई, हाइवा वाहन जब्त

सीधी 05 जूून 2026 कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री विकास मिश्रा तथा पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के निर्देशन एवं जिला खनिज अधिकारी श्री कपिलमुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खनिज विभाग के दल द्वारा सिहावल तहसील अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान ग्राम सजवानी, तहसील सिहावल क्षेत्र में खनिज रेत का अवैध परिवहन करते हुए एक हाइवा वाहन क्रमांक एमपी 53 एचए 2183 को पकड़ा गया। जांच के समय वाहन चालक पुष्पराज द्विवेदी, निवासी ग्राम तेंदुहा, पोस्ट बरबंधा, तहसील बहरी द्वारा रेत परिवहन से संबंधित कोई वैध अनुमति अथवा दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। दस्तावेजों के अभाव में वाहन को नियमानुसार जब्त कर सुरक्षार्थ थाना अमिलिया की अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया गया है। खनिज विभाग द्वारा संबंधित वाहन चालक एवं स्वामी के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई हेतु कलेक्टर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

समाचार क्रमांक 38-1146 फोटो क्रमांक85

Next Post

प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता ही समृद्ध और सुरक्षित भविष्य की कुंजी: डॉ.राजेश

Fri Jun 5 , 2026
सीधी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद पंचायत मझौली की ग्राम पंचायत टिकरी में जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं जनजागरूकता को समर्पित विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद डॉ.राजेश मिश्रा ने सहभागिता करते हुए जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत श्रमदान किया तथा अमृत सरोवर तालाब […]

You May Like