
इंदौर। शहर में नौकरी दिलाने के बहाने युवती से दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है. पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है.
राजस्थान निवासी पीड़िता ने विजय नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि दो वर्ष पहले एविएशन कोर्स करने के लिए वह इंदौर आई थी. पार्ट टाइम नौकरी की तलाश में उसकी मुलाकात एक युवक से हुई, जिसने अपना नाम हैप्पी पंजाबी बताया. युवक ने नौकरी का झांसा देकर उसे होटल बुलाया, जहां उसे नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया गया और उसका वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया गया.
बाद में पता चला कि आरोपी का असली नाम इरफान अली है। आरोप है कि उसने पीड़िता पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया और विरोध करने पर मारपीट की. आरोपी ने उसे देवास में एक फ्लैट में बंधक बनाकर रखा, जहां लगातार उत्पीड़न किया गया.
मामले की जानकारी मिलने पर सामाजिक संगठन के सदस्यों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया.
थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल ने बताया कि आरोपी के मोबाइल से कई वीडियो और फोटो मिले हैं. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है.
