
इंदौर। एमआईजी थाना क्षेत्र में कंपनी के नाम का दुरुपयोग कर फर्जीवाड़ा करने का मामला सामने आया है। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने कूट रचित दस्तावेज तैयार कर उसी नाम से मिलती-जुलती फर्जी कंपनी चलाने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
एमआईजी पुलिस के अनुसार फरियादी रवि अग्रवाल निवासी वीर सावरकर नगर ने बताया कि उनकी कंपनी सिग्नल एक्सपर्ट ग्लोबल एलएलपी के नाम से मिलते-जुलते नाम पर आरोपियों ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर फर्जी कंपनी संचालित की। इससे उनकी कंपनी की साख और व्यवसाय को नुकसान पहुंचा। पुलिस जांच में शुभम अरोड़ा, मधुर अरोड़ा, सौरभ समवानी और रोहित तनवानी की भूमिका सामने आई है। आरोप है कि इन लोगों ने योजनाबद्ध तरीके से फर्जी कागजात बनाकर कंपनी के नाम और पहचान का दुरुपयोग किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की। पुलिस का कहना है कि दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर अन्य धाराएं भी बढ़ाई जा सकती हैं।
