
सिंगरौली:जिले के चितरंगी में करीब 90 लाख रुपये की लागत से निर्मित नया बस स्टैंड उद्घाटन के कुछ समय बाद ही जर्जर स्थिति में पहुंचता नजर आ रहा है। 26 अक्टूबर 2024 को पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह द्वारा इसका लोकार्पण किया गया था, लेकिन वर्तमान हालात चिंताजनक बने हुए हैं।बस स्टैंड की दीवारों में कई स्थानों पर दरारें दिखाई दे रही हैं और छत का प्लास्टर भी गिरने लगा है। यात्रियों के लिए बनाए गए प्लेटफॉर्म भी क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जिससे आवागमन में दिक्कतें आ रही हैं। इस स्थिति को लेकर स्थानीय स्तर पर चिंता व्यक्त की जा रही है और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी बस स्टैंड की हालत पर चिंता जताते हुए कहा है कि यात्रियों को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। परिसर में साफ-सफाई की स्थिति ठीक नहीं है और अब तक बिजली कनेक्शन भी उपलब्ध नहीं हो सका है, जिससे यात्रियों को विशेषकर रात के समय परेशानी होती है।मामले को लेकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई है, ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके और आवश्यक सुधार कार्य जल्द कराए जा सकें।
