
सिंगरौली। जिला अस्पताल ट्रामा सेंटर में उस समय हड़कंप मच गया। जब विधायक व कलेक्टर सहित अन्य प्रशासनिक अमला औचक निरीक्षण करने पहुंचे। सबसे पहले ओपीडी की बदहाल व्यवस्था को देखकर विधायक व कलेक्टर ने नाराजगी जताई। चिकित्सकों के नदारद होने के संबंध में सिविल सर्जन से पूछा तो कोई ठोस जवाब नहीं दे सके। इसके बाद ड्रेसिंग कक्ष में व्यवस्था का जायजा लेते हुए निरीक्षण दल ने इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों की हकीकत जाना है। निरीक्षण में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह व कलेक्टर चंद्रशेखर शुक्ला, एसपी मनीष खत्री, एसडीएम सृजन वर्मा, सीएमएचओ डॉ. एनके जैन , भाजपा नेता नरेश शाह सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। इसके बाद जिला अस्पताल ट्रामा सेंटर के वार्डों में भर्ती मरीजों के पास पहुंचे। जहां मरीजों से उपचार के संबंध में जिला प्रशासन ने जानकारी ली। मरीजों ने बताया कि वार्ड में चिकित्सक देखने नहीं आते। सुबह एक बार आने के बाद फिर दूसरे दिन सुबह में ही चिकित्सक मरीजों के पास पहुंचते हैं। अस्पताल की लचर व्यवस्था को देखने व सुनने के बाद कलेक्टर ने सिविल सर्जन डॉ. देवेन्द्र सिंह को फटकार लगाते हुए कहा कि एक अस्पताल की व्यवस्था को नहीं संभाल पा रहे हो। यह लापरवाही को दर्शाता है। निरीक्षण के दौरान बारी-बारी से कलेक्टर बच्चा वार्ड, मेल व फीमेल वार्ड में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया है।
