हवा आंधी में उडऩे के बाद नए सिरे से बनाई प्रतिमाएं 

उज्जैन। जो प्रतिमाएं हवा आंधी तूफान में उड़ गई थी उन प्रतिमाओं को एक बार फिर बदलने की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। पत्थर और मेटल की प्रतिमाएं महाकाल लोक में स्थापित की जाएगी। इसके लिए कलेक्टर रोशन कुमार सिंह से लेकर संभाग आयुक्त आशीष सिंह ने प्रतिमाओं को देखा है। संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह एवं कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने शुक्रवार को नियमित निरीक्षण के दौरान महाकालेश्वर महालोक में स्थापित की जाने वाली पत्थर एवं मेटल की प्रतिमाओं के निर्माण कार्य का जायजा लिया। इसके साथ ही डी मार्ट के सामने निर्माणाधीन नवीन सडक़ मार्ग और शिप्रा नदी पर बन रहे ब्रिज के कार्यों का भी निरीक्षण किया।

संभागायुक्त आशीष सिंह एवं कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने विक्रम नगर मार्ग स्थित प्रतिमा निर्माण कार्यशाला का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि महाकाल महालोक में स्थापित करने के लिए कुल 92 प्रतिमाएं तैयार की जा रही हैं। इनमें 35 पत्थर की और 57 मेटल की प्रतिमाएं शामिल हैं। प्रतिमा निर्माण से पहले भगवान के स्वरूप का स्केच विशेषज्ञों की समिति के माध्यम से अनुमोदित किया जाता है। इसके बाद स्वीकृत स्केच के अनुरूप प्रतिमाओं को आकार दिया जाता है। कार्यशाला में तैयार की जा रही प्रतिमाएं पुराणों में वर्णित स्वरूप और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर बनाई जा रही हैं। प्रतिमा निर्माण का कार्य उज्जैन के साथ ग्वालियर और जयपुर में भी किया जा रहा है।

इसके बाद दोनों अधिकारियों ने शिप्रा नदी पर निर्माणाधीन ब्रिज के कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। संभागायुक्त ने कहा कि वर्षाकाल के बाद ब्रिज निर्माण कार्य में गति लाई जाए। निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ निर्धारित गति से आगे बढ़ाने और अनावश्यक विलंब नहीं होने देने के निर्देश भी दिए। संभागायुक्त आशीष सिंह ने कहा कि सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के दृष्टिगत शहर में संचालित विकास एवं निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूरा करना प्राथमिकता है।

 

 

कारीगरों से की चर्चा

 

संभाग आयुक्त आशीष सिंह ने प्रतिमा निर्माण में लगे कारीगरों की आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने कार्यशाला में कारीगरों की जरूरत के अनुसार छाया के लिए शेड, पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद संभागायुक्त आशीष सिंह एवं कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने डी मार्ट के सामने निर्माणाधीन नवीन सडक़ मार्ग का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि नवीन सडक़ की लंबाई लगभग 900 मीटर और चौड़ाई 18 मीटर है। इस पर एजेंसी के इंजीनियरों को निर्देश दिए कि बारिश में सडक़ निर्माण के शेष कार्य को तेज गति से पूरा करें।

Next Post

खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: राशन वितरण में गड़बड़ी पर दुकान संचालक पर एफआईआर

Fri Sep 25 , 2026
देवास। सरकारी राशन की दुकान में स्टॉक और वितरण व्यवस्था की जांच के दौरान गड़बड़ी सामने आने पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। उचित मूल्य दुकान में जांच के दौरान खाद्यान्न के हिसाब-किताब में बड़ा अंतर मिलने के बाद विक्रेता और सहायक विक्रेता के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम सहित […]

You May Like