
भोपाल। सूखी सेवनिया पुलिस की तत्परता से रविवार को एक महिला की जान बच गई. महिला को फांसी के फंदे से उतारकर गांव की ही एक अन्य महिला से सीपीआर दिलाते हुए महिला को बचाया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि गांव में एक महिला ने फांसी लगा ली है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बिना समय गंवाए, महिला को फांसी के फंदे से नीचे उतरवाया. महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उप निरीक्षक राजेश दंडोतिया ने तत्काल सूझबूझ का परिचय देते हुए गांव की ही एक अन्य महिला से सीपीआर दिलवाया, जिससे फंदे पर झूली महिला की सांसें दोबार चलने लगीं. इसके बाद बिना देरी किए 108 एंबुलेंस को बुलाया गया और महिला को उपचार के लिए हमीदिया अस्पताल भेजा गया.
इस पूरी कार्रवाई में डायल 112 पायलट संजीव विधि की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता और मानवीय प्रयासों से एक महिला की जान बचाई जा सकी. गांव के लोग पुलिसकर्मियों के इस नेक काम की सरहना कर रहे हैं.
