
भोपाल। गौमांस तस्करी के आरोपी असलम चमड़ा को एसआईटी ने रविवार को जिला कोर्ट में पेश किया. चमड़ा की रिमांड खत्म होने के बाद कोर्ट ने उसे दोबारा जेल भेज दिया. एसआईटी ने कोर्ट से असलम की रिमांड बढाने की भी मांग नहीं की. आरोपी चमड़ा और उसका वाहन चालक गौकशी के मामले में तीन दिन की रिमांड पर थे.
जानकारी के अनुसार चमड़ा से तीन दिन की रिमांड में मिली कई अहम जानकारी के आधार पर एसआईटी अब उसके कुछ और करीबियों से भी पूछताछ कर सकती है. इससे पहले आरोपी को कोर्ट में पेश करने के पहले एसआईटी ने मीड़िया को जिस समय की जानकारी दी थी, उससे पहले ही उसे कोर्ट में पेश कर दिया. नगर निगम के स्लॉटर हाउस में गोकशी के मामले में एसआईटी की जांच लगातार जारी है.
बता दें कि 17 दिसंबर को देर रात पीएक्यू के सामने 26 टन गौमांस का मामला संज्ञान में आने के बाद से महापौर और निगम के अधिकारियों की भूमिका को लेकर लगातार विपक्ष और हिंदूवादी संगठन विरोध जता रहे हैं. सभी के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग भी उनके द्वारा की जा रही है.
असलम चमड़ा की रिमांड अवधि पूरी होने के बाद माना जा रहा है कि अब जल्द ही एसआईटी अपनी जांच रिपोर्ट को लेकर भोपाल पुलिस कमिश्नर से मुलाकात करेगी. एसआईटी की टीम ने कई पहलुओं पर अपनी जांच पूरी भी कर ली है. शनिवार को आरोपी चमड़ा और उसके वाहन चालक को लेकर सीज हुए स्लाटर हाउस पर एसआईटी निरीक्षण करने पहुंची थी. सूत्रों से मिली सूचना के मुताबिक हाउस के फ्रीजर में रखे करीब 6 टन से अधिक मांस की पैकेटों पर आगरा की एक मांस निर्यातक कंपनी के टैग लगे मिले. आरोपी चमड़ा से पूछताछ पूरी करने के बाद एसआईटी ने कोर्ट से उसकी रिमांड आगे नहीं बढ़ाई है और आरोपी चमड़ा को कोर्ट ने दोबारा जेल भेज दिया है.
