नयी दिल्ली, 03 मार्च (वार्ता) विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर 04 से 09 मार्च तक ब्रिटेन और आयरलैंड की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे।
विदेश मंत्रालय ने आज यहां यह जानकारी दी। भारत और ब्रिटेन के बीच व्यापक रणनीतिक साझीदारी है जिसने रक्षा और सुरक्षा, व्यापार एवं अर्थव्यवस्था, स्वास्थ्य, शिक्षा, लोगों से लोगों के बीच संबंधों सहित विभिन्न क्षेत्रों में परस्पर सहयोग को मजबूत किया है।
यात्रा के दौरान विदेश मंत्री अपने ब्रिटेन के विदेश सचिव डेविड लैमी के साथ चर्चा करेंगे और कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ-साथ भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी मुलाकात करेंगे।
भारत और आयरलैंड साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, सांस्कृतिक संबंधों और बढ़ते आर्थिक संबंधों पर आधारित मैत्रीपूर्ण द्विपक्षीय संबंध साझा करते हैं। विदेश मंत्री 06-07 मार्च को आयरलैंड की अपनी यात्रा के दौरान आयरिश विदेश मंत्री साइमन हैरिस, अन्य गणमान्य व्यक्तियों और भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ बैठक करेंगे।
विदेश मंत्री की यात्रा से ब्रिटेन और आयरलैंड दोनों के साथ भारत के मैत्रीपूर्ण संबंधों को नए सिरे से गति मिलेगी।
