खेत में काम कर रही महिला पर जंगली जानवर का हमला, अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती

छतरपुर। जिले के किशनगढ़ थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब पल्कोहां गांव में खेत में काम कर रही एक वृद्ध महिला पर जंगली जानवर ने हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है।

 

घायल महिला की पहचान बेनी बाई अहिरवार (69) निवासी पल्कोहां के रूप में हुई है। महिला के अनुसार वह शाम के समय अपने सरसों के खेत में काम कर रही थी, तभी फसल के बीच छिपे जंगली जानवर ने पीछे से अचानक हमला कर दिया। जानवर ने उसकी साड़ी को मुंह में दबोच लिया और उसे घसीटते हुए जंगल की ओर ले जाने लगा।

 

बेनी बाई ने साहस दिखाते हुए जोर-जोर से चिल्लाना शुरू किया। उसकी आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोर मचाया। लोगों को अपनी ओर आता देख जंगली जानवर महिला को छोड़कर जंगल की तरफ भाग गया। हमले में महिला के पैरों में दांतों के गहरे निशान बने हैं।

 

घटना के बाद परिजन महिला को बाइक से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। एम्बुलेंस उपलब्ध न होने पर महिला को निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

 

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हमला करने वाला जानवर बाघ था या तेंदुआ। वन विभाग द्वारा पगमार्क के आधार पर जांच की जा रही है। उल्लेखनीय है कि पल्कोहां गांव पन्ना टाइगर रिजर्व से सटा हुआ है, जिससे क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही बढ़ गई है। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और वे वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग कर रहे हैं।

Next Post

थाने से लौटते समय कार ने मारी टक्कर, तीन दिन बाद बाइक सवार की मौत

Wed Feb 4 , 2026
इंदौर. लसूड़िया थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से घायल बाइक सवार की इलाज के दौरान मौत हो गई. हादसे के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है. थाना प्रभारी तारेश कुमार सोनी ने बताया कि मृतक नीरज पिता सुखनंद उम्र 47 […]

You May Like