सतना: जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत उमरी इलाके में जमीन की बिक्री से मिलने वाली रकम के बंटवारे को लेकर उपजा विवाद खून-खराबे में बदल गया. पारिवारिक रंजिश और पैसों के लेन-देन को लेकर हुए खूनी संघर्ष में बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया.मिली जानकारी के अनुसार, उमरी स्थित बड़े हनुमान मंदिर के पीछे रहने वाले नागेंद्र पांडेय (37 वर्ष) और उनके बड़े भाई मृगेंद्र पांडेय के बीच पिछले कुछ दिनों से जमीन की बिक्री के पैसों को लेकर मनमुटाव चल रहा था.
बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले उनके पिता ने एक जमीन बेची थी, जिसके बाद बिक्री से मिले सारे पैसे बड़े भाई मृगेंद्र ने अपने पास रख लिए थे. नागेंद्र लगातार अपने हिस्से की कानूनी और वाजिब रकम की मांग कर रहा था, जिसको लेकर दोनों भाइयों के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी. इसी विवाद के चलते करीब 10 दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट की घटना सामने आई थी. लेकिन इस बार विवाद उस वक्त और बढ़ गया जब गुरुवार की शाम लगभग 4 बजे नागेंद्र अपने पिता के साथ जमीन के पैसों के बंटवारे के सिलसिले में बातचीत कर रहा था. आरोप है कि उसी दौरान बड़ा भाई मृगेंद्र वहां पहुंचा और गुस्से में आकर नागेंद्र पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. चाकू का वार कमर के ऊपर लगने के कारण नागेंद्र लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए.
पुलिस जांच और कार्रवाई
वारदात की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल नागेंद्र पांडेय को जिला अस्पताल लेकर आई. अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है.
