
भोपाल। शहर में सफाई व्यवस्था बिगाड़ने और कचरे का पृथक्कीकरण नहीं करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। गुरुवार को निगम के स्वास्थ्य विभाग के अमले ने 21 जोन में अभियान चलाकर 166 प्रकरण दर्ज किए और कुल 46 हजार 700 रुपए का स्पॉट फाइन वसूला।
नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर की गई कार्रवाई में कचरा अलग-अलग नहीं देने, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा और निर्माण मलबा फैलाने तथा निर्माण स्थलों पर ग्रीन नेट नहीं लगाने वालों को निशाने पर लिया गया। जोन-13 के वार्ड-52 में द मेपल होटल एंड मॉल द्वारा मिश्रित कचरा देने पर 5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।
कार्रवाई में जोन-14 में सबसे अधिक 22 प्रकरण दर्ज कर 7 हजार रुपए वसूले गए। जोन-8 और जोन-21 में 19-19 प्रकरण सामने आए। जोन-13 में 13 और जोन-6 व जोन-10 में 10-10 प्रकरणों में कार्रवाई की गई।
निगम अधिकारियों के अनुसार लोगों को घरों और प्रतिष्ठानों से ही गीला-सूखा कचरा अलग-अलग देने की समझाइश दी जा रही है। इसके बावजूद नियमों का पालन नहीं करने और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों से जुर्माना वसूला जा रहा है। निर्माण स्थलों पर ग्रीन नेट नहीं लगाने वालों पर भी कार्रवाई की जा रही है, ताकि वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने में मदद मिल सके।
