
उमरिया। जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा बफर परिक्षेत्र के बिरुहली बीट मे एक बाघ घायल अवस्था मे मिला।घायल मिले करीब तीन वर्षीय नर बाघ का रविवार को सफल इलाज किया गया। पार्क प्रबंधन की टीम ने इलाज के बाद बाघ को उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया है। वन विभाग की टीम हाथियों और गश्ती दल की मदद से उसकी लगातार निगरानी कर रही है।बताया जाता है कि गश्ती दल को बाघ के एक पैर में चोट लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही क्षेत्र संचालक,वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी, टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स और वन अमले द्वारा बाघ की ट्रैकिंग शुरू कर बाघ का पता लगाया गया। इसके बाद वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी ने उसे ट्रैंकुलाइज कर इलाज किया। इस दौरान बाघ का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और जांच के लिए ब्लड सैंपल भी लिया। उपचार पूरा होने के बाद बाघ को उसी वन क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ दिया गया। वन अमले द्वारा हाथियो की मदद से लगातार निगरानी की जा रही है।
