
जबलपुर। जबलपुर सहित प्रदेश में छात्र संघ चुनाव कराने, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और कॉलेजों के आसपास से शराब दुकानों को हटाने और स्कूल-कॉलेजों द्वारा की जा रही अवैध वसूली पर सख्त कार्रवाई करने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट कार्यालय का घेराव करने जा रहे एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने मंगलवार को घंटाघर चौक पर रोका तो कार्यकर्ता आक्रोशित हो उठे। देखते ही देखते पुलिस कर्मियों ने कार्यकर्ताओं की झूमाझपटी होने लगी।
हुआ ये कि एनएसयूआई कार्यकर्ताओं की भीड़ पुलिस की बैरिकेडिंग को तोड़ते हुए कलेक्ट्रेट तरफ जाने का प्रयास करने लगी कि तभी हालात बिगड़ते देख मौके पर मौजूद पुलिस बल ने वाटर कैनन से प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर कर दिया। इस मौके पर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाए और कहा कि पुलिस ने बर्बरतापूर्वक कार्यकर्ताओं के ऊपर लाठियां बरसाईं हैं। वहीं दूसरी तरफ सीएसपी सोनू कुर्मी ने नवभारत को बताया कि कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट जाने का प्रयास कर रहे थे। प्रशासन की ओर से एसडीएम को मौके पर बुलाकर बातचीत की कोशिश की गई, लेकिन जब कार्यकर्ता जबरन आगे बढऩे लगे तो पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। उन्होंने बताया कि इस दौरान करीब 20 से अधिक कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है।
