तेहरान, 10 मार्च (वार्ता) इजरायली हवाई हमलों में ईरान के इस्फ़ाहान में चहेल सोतून पैलेस सहित विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों को नुकसान पहुंचा है। उल्लेखनीय है कि सफाविद काल का यह महल इस्फ़ाहान के गवर्नर कार्यालय के पास स्थित है। रिपोर्टों के अनुसार, पास ही हुए बम धमाके के कारण महल परिसर के कुछ हिस्सों को नुकसान पहुंचा है। यह महल अपने भित्ति चित्रों, तालाबों और 17वीं शताब्दी के ऐतिहासिक हॉल के लिए जाना जाता है। इस्फ़ाहान के एक निवासी ने बताया, “चहेल सोतून इमारत और गवर्नर कार्यालय के बीच केवल कुछ ही पेड़ हैं, और स्पष्ट रूप से उन्हें भी नुकसान पहुँचा है।”
यूनेस्को की सूची में शामिल सफ़ाविद काल के नक्श-ए-जहाँ स्क्वायर के आसपास भी नुकसान की खबरें हैं, जिसमें अली कापू पैलेस और कई ऐतिहासिक मस्जिदें शामिल हैं। ये रिपोर्टें यूनेस्को द्वारा तेहरान में पहले हुए हमलों के बाद ईरान में विरासत स्थलों के जोखिमों के बारे में चेतावनी देने के कुछ दिनों बाद आई हैं। एजेंसी ने कहा कि वह ईरान और पूरे क्षेत्र में ‘सांस्कृतिक विरासत की स्थिति की बारीकी से निगरानी’ कर रही है।

