भोपाल से कृषक कल्याण कार्यक्रम से लौटे किसानों की बिगड़ी तबीयत, 40 से अधिक को उल्टी-दस्त, फूड पॉइजनिंग की आशंका

नरसिंहगढ़/कुरावर। भोपाल में आयोजित कृषक कल्याण वर्ष 2026 के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होकर लौटे कुरावर-नरसिंहगढ़ क्षेत्र के कई किसानों की तबीयत बिगडऩे का मामला सामने आया है, क्षेत्र के 40- 45 किसानों को उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कृषि विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र से लगभग 800 किसान शामिल होने भोपाल गए थे. सीहोर जिले के हिंगोनी जोड़ क्षेत्र में किसानों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई थी.

बताया जाता है कि यह भोजन कुरावर के सरस्वती स्व सहायता समूह के माध्यम से तैयार करवाया गया था. जिसे किसानों ने ग्रहण किया. शुरु मेें तो सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन जब किसान अपने-अपने गांव लौटे तो ग्राम बिजोरी, गीलाखेड़ी, बडऩगर, बिलहरी, सेमलखेड़ी, मुंडला बारोल, झाड़ला सहित अन्य गांवों के किसानों को उल्टी-दस्त, पेट दर्द और कमजोरी की शिकायत होने लगी.

प्रशासन हुआ सतर्क

किसानों के बीमार होने की जानकारी मिलते ही प्रशासन सतर्क हुआ और बीमार किसानों को कुरावर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए ले जाया गया. डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार कर दवाइयां दी गई.

एसडीएम नरसिंहगढ़ सुशील कुमार, नायब तहसीलदार सुनीता कुमारी, कृषि विस्तार अधिकारी दिनेश श्रीवार सहित अधिकारी मौके पर पहुंचे. प्राथमिक सहकारी संस्था के कार्यालय परिसर में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया, जहां लगभग 39 लोगों की जांच की गई.

बीमार होने वालो में प्रबंधक, वाहन चालक भी

बीमार होने वालों में किसान ही नहीं, बल्कि वाहन चालक, सहकारी संस्था के प्रबंधक और कृषि विभाग के कुछ कर्मचारी भी शामिल होना बताया जाता है. इसको लेकर भोजन विषाक्तता की आशंका गहराती नजर आ रही है.

एसडीएम सुशील कुमार के अनुसार 40 से 45 किसानों के बीमार होने की सूचना मिली है. यह जांच की जा रही है कि भोजन किसके द्वारा और किन परिस्थितियों में तैयार किया गया था. बिजोरी गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों की जांच करवाई गई है. कृषि विस्तार अधिकारी दिनेश श्रीवार का कहना है कि भोजन सरस्वती स्व सहायता समूह से बनवाया गया था. उल्टी-दस्त की शिकायत मिलने के बाद हम मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच करवाई जा रही है.

फिलहाल सभी बीमार किसानों की हालत स्थिर बताई जा रही है. प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर उचित कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो.

Next Post

भोपाल डिक्लेरेशन-2 की प्रक्रिया शुरू, युवाओं से संवाद ज़रूरी: दिग्विजय 

Mon Jan 12 , 2026
भोपाल। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने सोमवार को भोपाल में प्रेस से बातचीत करते हुए भोपाल डिक्लेरेशन-2 की प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, सामाजिक असमानता और अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग पर हो रहे अत्याचार गंभीर चिंता […]

You May Like