
रतलाम। इंदौर से जोधपुर जा रही 12465 रणथंभौर एक्सप्रेस गुरुवार सुबह करीब 9.20 बजे रतलाम जिले के आलोट क्षेत्र स्थित लूनी रिछा स्टेशन के समीप तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। इंजन के पीछे लगे जनरल कोच के पहियों से अचानक धुआं उठता देख यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। लोको पायलट और गार्ड ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए ट्रेन रोक दी, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।
धुआं निकलते ही कई यात्री सामान लेकर ट्रेन से नीचे उतर आए। कुछ देर तक मौके पर दहशत का माहौल रहा। सूचना मिलते ही रेलवे का तकनीकी अमला मौके पर पहुंचा और संबंधित कोच की जांच शुरू की।
बताया जा रहा है कि अचानक रेड सिंग्रल होने पर बे्रक लगाने से जनरल कोच के पहियों का ब्रेक जाम हो गया था। लगातार घर्षण के कारण पहियों से धुआं निकलने लगा। रेलवे कर्मचारियों ने मौके पर ब्रेक रिलीज कर आवश्यक तकनीकी सुधार किए। सुरक्षा परीक्षण के बाद करीब 20 मिनट पश्चात ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।
