सौसर: ग्राम सायरा में बार-बार ट्रिपिंग, लो-वोल्टेज और पर्याप्त बिजली न मिलने से परेशान किसानों ने मंगलवार को मोर्चा खोल दिया।युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव सोपान कोहले के नेतृत्व में आक्रोशित किसानों ने सौसर स्थित कार्यपालन अभियंता कार्यालय का घेराव कर करीब एक घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की।
उटेकाटा से हटाकर सौसर फीडर से जोड़ने की मांग-
प्रदर्शनकारी किसानों ने बताया कि क्षेत्र में बारिश कम होने के कारण फसलों को बचाने के लिए सिंचाई बेहद जरूरी है। सायरा गांव में लगे दो ट्रांसफार्मरों पर क्षमता से अधिक भार है, जिससे दिनभर ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की स्थिति बनी रहती है। किसानों ने मांग रखी कि गांव को उटेकाटा फीडर से अलग कर सौसर फीडर से जोड़ा जाए तथा अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाकर वोल्टेज की समस्या का स्थाई समाधान किया जाए।
प्रदर्शन के दौरान सहायक अभियंता जितेंद्र सैनी ने डीई श्री धुर्वे से सोपान कोहले की फोन पर वार्ता कराई, जिसमें अधिकारियों ने गांव में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने और वोल्टेज सुधारने का आश्वासन दिया।
एसडीएम से मिले किसान, त्वरित निराकरण के निर्देश-
कार्यालय पर धरने के बाद किसानों का प्रतिनिधिमंडल एसडीएम सिद्धार्थ पटेल से मिला। एसडीएम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल दूरभाष पर डीई धुर्वे से चर्चा की और किसानों की बिजली समस्या का अविलंब निराकरण करने के कड़े निर्देश दिए।
मांग पूरी न होने पर 17 को फिर उठाया जाएगा यह मुद्दा –
युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव सोपान कोहले ने कहा कि इस गंभीर समस्या से पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं पूर्व सांसद नकुलनाथ को अवगत कराया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विभाग ने तय समय में सुधार नहीं किया, तो आगामी 17 अक्टूबर को नकुलनाथ के नेतृत्व में सौसर में आयोजित विशाल किसान आंदोलन में सायरा सहित क्षेत्र के सैकड़ों किसान भाग लेकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
प्रदर्शन में ये रहे मौजूद-
धरना-प्रदर्शन के दौरान रेवनाथ गुर्वे, विनायक गुर्वे, संदीप रूघे, हर्ष वाठ, प्रवीण खडाईत, हरिओम गुर्वे, विनोद गुर्वे, अभिषेक गुर्वे, राजेन्द्र रूघे, विनायक खडसे, राजू जाने, बबलू वाफाडे, प्रदीप रूघे, शंकर बेड़े, जगदीश मगरूलकर, महादेव बल्ले, टिकाराम गुर्वे, प्रणित रूघे, आनंद रूघे, राजेश मगरूलकर, महेश गुर्वे, प्रमोद गुर्वे, संदीप खडसे, विट्ठल गुर्वे, माधव गुर्वे सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
