
भोपाल में नरसिंहपुर के करीब 200 किसान गन्ने का भाव 600 रुपए प्रति क्विंटल करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार को किसान सीएम हाउस की ओर कूच करने निकले, लेकिन पुलिस ने उन्हें रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के पास रोक दिया। इसके बाद किसान बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी के सामने धरने पर बैठ गए।
किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने कृषि संचालक उमाशंकर भार्गव से मुलाकात की। हालांकि, बातचीत में 600 रुपए प्रति क्विंटल भाव देने की मांग पर सहमति नहीं बन सकी। किसान राम पटेल के मुताबिक, अधिकारियों ने साफ कहा कि यह फैसला उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है।
इसके बाद किसानों ने प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान किया है। किसान अब साथियों के साथ बैठक कर आगे की रणनीति बनाएंगे और फिर सीएम हाउस की ओर कूच करने की तैयारी कर रहे हैं।
वहीं, प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारी किसानों के लिए टेंट, पीने के पानी और शौचालय की व्यवस्था की जा रही है। किसानों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
