नयी दिल्ली, 23 नवंबर (वार्ता) सार्वजनिक क्षेत्र के आईडीबीआई बैंक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने निजीकरण से पहले सरकार द्वारा किये गये बैंक के वैल्यूएशन पर प्रश्नचिह्न लगाते हुए और निजीकरण को रद्द करने की मांग की है।आईडीबीआई बैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों के ‘यूनाइटेड फोरम’ ने केंद्र सरकार से यह स्पष्ट करने को कहा है कि किस आधार पर उन्होंने बैंक की 60.72 प्रतिशत हिस्सेदारी कनाडा के फेयरफैक्स समूह को 81 रुपये प्रति शेयर के भाव पर (52,878.08 करोड़ रुपये में) बेचने की मंजूरी दी।
पहले दौर की बोली के समय 94.42 रुपये प्रति शेयर के ‘आरक्षित मूल्य’ को बाद में बदलकर 75.99 रुपये किए जाने पर फोरम ने सरकार से स्पष्टीकरण मांगा है। सरकार ने कहा था कि बाद में किए गए दो मूल्यांकनों का औसत 75.99 रुपये प्रति शेयर था और इसी के आधार पर सफल बोली का आकलन किया गया। फोरम ने ‘इस बदलाव की पूरी तरह से सार्वजनिक जांच’ की मांग की है। उसने कहा कि बाद में अपनाई गई मूल्यांकन प्रणाली में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के आंकड़ों को तुलना के लिए आधार माना गया था, जो गलत है। भारतीय रिज़र्व बैंक ने 21 जनवरी 2019 से ही नियामक उद्देश्यों के लिए आईडीबीआई बैंक को ‘निजी क्षेत्र का बैंक’ माना है। इसी वर्गीकरण के आधार पर बैंक अपने प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के वेतन-भत्तों को मंजूरी देता है।
फोरम ने सरकार से पूछा है कि तुलना के लिए किन बैंकों को चुना गया, जमीन और अन्य संपत्तियों का मूल्यांकन कैसे हुआ, प्रबंधन नियंत्रण को क्या मूल्य दिया गया, और सरकार तथा भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के निवेश पर इसका क्या असर पड़ेगा। उसने पूछा है कि प्रस्तावित हस्तांतरण के बाद कर्मचारियों, जमाकर्ताओं, ग्राहकों और बैंक की सार्वजनिक सेवा से जुड़ी जिम्मेदारियों की सुरक्षा के लिए क्या उपाय किए गए हैं, किसी विवाद में ‘रिट याचिका’ दायर की जा सकती है या नहीं। निजीकरण के खिलाफ फोरम ने तीन दिसंबर को बैंक में काम बंद रखने का आह्वान किया है। बैंक कर्मचारियों के सबसे बड़े संगठन एआईबीईए, बैंक अधिकारियों के दूसरे सबसे बड़े संगठन एआईबीओए और बैंक कर्मचारी संगठन बीईएफआई ने भी इसी मुद्दे पर हड़ताल का आह्वान किया है।

