भारत-श्रीलंका सैन्य अभ्यास में आतंकवाद विरोधी अभियानों का संयुक्त प्रशिक्षण

नयी दिल्ली, 23 नवम्बर (वार्ता) भारत और श्रीलंका की सेनाएं आतंकवाद विरोधी अभियानों की तैयारी के तहत संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘मित्र शक्ति-2026’ में हिस्सा ले रही हैं। सेना ने सोमवार को बताया कि श्रीलंका के मदुरु ओया स्थित आर्मी ट्रेनिंग स्कूल में चल रहे 14 दिन के इस अभ्यास में अर्ध-शहरी क्षेत्र में संयुक्त सैन्य कार्रवाई और युद्ध कौशल का प्रशिक्षण किया जा रहा है। यह इस अभ्यास का 12वां संस्करण है जो 26 नवंबर को संपन्न होगा। इसमें भारतीय सेना के 170 जवान शामिल हैं। भारतीय दल में मुख्य रूप से राजपूताना राइफल्स के जवानों के अलावा सेना की अन्य शाखाओं और सेवाओं के सैनिक तथा भारतीय वायु सेना के कर्मी भी हिस्सा ले रहे हैं। उनके साथ श्रीलंका की सशस्त्र सेनाएं संयुक्त प्रशिक्षण कर रही हैं।

प्रशिक्षण के दौरान संयुक्त रणनीतिक योजना, तालमेल के साथ सैन्य अभ्यास और विशेष युद्ध कौशल पर ध्यान दिया जा रहा है। इसमें शहरी क्षेत्र में गश्त, सड़क पर नाकाबंदी, सैन्य वाहनों के काफिले की सुरक्षा, घात लगाना, भीड़ को तितर-बितर करना और मजबूत सुरक्षा वाले ठिकानों के खिलाफ संयुक्त सैन्य कार्रवाई का अभ्यास शामिल है। अभ्यास के अंत में एक व्यापक परीक्षण सत्र होगा जिसमें दोनों देशों के सैनिक प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई रणनीतियों, तरीकों और प्रक्रियाओं का संयुक्त प्रदर्शन करेंगे। यह अभ्यास भारत और श्रीलंका के बीच बढ़ते रक्षा सहयोग के साथ दोनों देशों की सेनाओं के बीच मित्रता, आपसी विश्वास और पेशेवर संबंधों को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। इसका उद्देश्य क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और सुरक्षा के प्रति दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता को भी मजबूत करना है।

.....

Next Post

सोनू निगम और सावनी रविंद्र ने 'आया' गीत के जरिए मां के प्रेम और त्याग को किया नमन

Mon Nov 23 , 2026
मुंबई, 23 नवम्बर (वार्ता)बॉलीवुड के मशहूर गायक सोनू निगम और गायिका सावनी रविंद्र ने फिल्म ‘गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट’ के नए गीत ‘आया’ के जरिए मां के निस्वार्थ प्रेम, त्याग और समर्पण को संगीतमय श्रद्धांजलि दी है।फिल्म निर्माताओं ने यह भावुक गीत रिलीज कर दिया है। मधुर धुन और भावपूर्ण […]

You May Like