लखनऊ। राजधानी लखनऊ में सोना तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का सरोजनीनगर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1.023 किलो सोना बरामद किया है। बरामद सोने की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी सऊदी अरब के जेद्दा से सोना पेस्ट के रूप में छिपाकर लखनऊ लाए थे। उन्होंने इसे नी-कैप में छिपा रखा था। लखनऊ एयरपोर्ट पर गिरोह के सदस्य सोना लेने पहुंचे थे। आरोपियों की योजना सोने को राजस्थान पहुंचाने की थी। इस गिरोह में उत्तर प्रदेश, राजस्थान और पंजाब के सदस्य शामिल हैं। इसके तार सऊदी अरब समेत खाड़ी देशों तक जुड़े होने की आशंका है। कार्रवाई के दौरान गिरोह का एक सदस्य फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।