नयी दिल्ली, 19 नवंबर (वार्ता) भारतीय औद्योगिक विकास बैंक (आईडीबीआई) के निजीकरण का विरोध कर रहे कर्मचारियों के समर्थन में बैंकिग क्षेत्र के तीन प्रमुख संगठनों ने आगामी 03 दिसंबर को हड़ताल की घोषणा की है।
इन तीन संगठनों ऑल इंडिया बैंक एम्पलॉइज एसोसिएशन (एआईबीईए), ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन (एआईबीओए) और बैंक एम्पलॉइज फेडरेशन ऑफ इंडिया (बीईएफआई) की गुरुवार को जारी संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि आईडीबीआई बैंक को विदेशी निवेशक के हाथों बेचने का फैसला “पूरी तरह गैर-जरूरी” है।
इसमें कहा गया है, “इस बिक्री का विरोध करने की जरूरत के मद्देनजर एआईबीईए, एआईबीओए और बीईएफआई ने 03 दिसंबर को आईडीबीआई बैंक के कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ हड़ताल का आह्वान किया है।”
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति ने आईडीबीआई बैंक में केंद्र सरकार और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की कुल 94 प्रतिशत हिस्सेदारी में से 60 प्रतिशत कनाडाई कंपनी फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स को बेचने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी है। इससे बैंक का नियंत्रण विदेशी कंपनी के हाथ में चला जाएगा।
आईडीबीआई बैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों के संगठनों का संयुक्त फोरम इसका विरोध कर रहा है। उसने गत 02 नवंबर और 03 नवंबर को निजीकरण के विरोध में हड़ताल की थी।
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि आईडीबीआई बैंक कई साल से मुनाफे में है। उसके पास 3.50 लाख करोड़ रुपये की जमापूंजी है और उसने 2.50 लाख करोड़ रुपये का कर्ज दिया हुआ है। बैंक का कुल कारोबार छह लाख करोड़ रुपये का है।
तीनों संगठनों ने तर्क दिया है कि देश के लोगों का पैसा निजी बैंकों की बजाय सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में अधिक सुरक्षित है। ऐसे समय में जब निजी बैंकों का राष्ट्रीयकरण करने की जरूरत है, सरकार स्वदेशी बैंक को विदेशी बैंक बना रही है।
