सिंगरौली: जिले के बैढ़न थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धतुरा पोखरा निवासी एक बुजुर्ग ने अपने ही परिजनों पर प्रताड़ना, भरण-पोषण नहीं करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा की गुहार लगाई है। प्रार्थी रामदास उपाध्याय ने शिकायत में कहा है कि वह वृद्धावस्था में जीवन यापन कर रहे हैं, लेकिन उनके अन्य पुत्र उनकी देखभाल नहीं करते और न ही भोजन व अन्य आवश्यक खर्च उपलब्ध कराते हैं।
रामदास उपाध्याय ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने पूर्व में थाना बैढ़न में भी शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। बुजुर्ग ने एसपी को दिए आवेदन में कहा है कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण उन्हें अपने और अपने छोटे पुत्र के परिवार की जान-माल की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता है।
