नयी दिल्ली, 19 नवंबर (वार्ता) दिल्ली की एक अदालत ने वार्ड संख्या 166 (पुष्प विहार) से आम आदमी पार्टी (आप) के पार्षद अरुण नवरिया के निर्वाचन को रद्द करते हुए चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार नरेश को विधिवत निर्वाचित पार्षद घोषित किया है।
दक्षिण दिल्ली के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव कुमार अग्रवाल ने 18 नवंबर की शाम को यह आदेश पारित किया। यह निर्णय एक चुनाव विवाद याचिका पर सुनवाई के बाद आया, जिसमें श्री नवरिया पर नामांकन पत्र दाखिल करते समय अपने खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों की जानकारी छिपाने का आरोप लगाया गया था।
अदालत के फैसले का स्वागत करते हुए दिल्ली भाजपा के मीडिया प्रमुख एवं प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि अदालत ने चुनावी कानूनों का उल्लंघन करने के लिए ‘आप’ पार्षद को सही रूप से अयोग्य ठहराया है और श्री नरेश को तत्काल प्रभाव से निर्वाचित घोषित किया है। श्री कपूर ने कहा कि इस फैसले से वार्ड 166, पुष्प विहार के निवासियों को न्याय मिला है तथा चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही के सिद्धांतों की रक्षा हुई है। उन्होंने इस मामले की पैरवी करने वाले अधिवक्ता स्वस्तिक सिंह और अतुल सिंह के प्रयासों की भी सराहना की।
भाजपा के अनुसार, श्री नवरिया के निर्वाचन को रद्द करने का मुख्य आधार नामांकन पत्र में उनके विरुद्ध लंबित आपराधिक मामलों का विवरण न देना था, जिससे मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करते समय महत्वपूर्ण जानकारी से वंचित रखा गया। अदालत के श्री नरेश को निर्वाचित घोषित किए जाने के साथ ही इस न्यायिक फैसले के बाद वार्ड 166 में ‘आप’ प्रतिनिधि के स्थान पर भाजपा ने पार्षद का पद हासिल कर लिया है।
