
*अनुशासन समिति इस मामले को देख रही*
ग्वालियर। मध्यप्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने पार्टी के पूर्व विधायक व पूर्व मंत्री लक्ष्मण सिंह के बयानों पर कहा है कि पार्टी की अनुशासन समिति इस मामले को देख रही है। आज ग्वालियर में कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुकेश नायक और पार्टी के राज्यसभा सांसद अशोक सिंह से पूछा गया कि लक्ष्मण सिंह ने राहुल गांधी, रॉबर्ट वाड्रा और उमर अब्दुल्ला के खिलाफ जो गंभीर टिप्प्णी की है, क्या मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी लक्ष्मण सिंह के खिलाफ अनुशासनत्मक कार्रवाई कर रही हेै? मुकेश नायक का संक्षिप्त जवाब था-यह मामला अनुशासन समिति के सामने विचाराधीन है, वही इस पर निर्णय लेगी।
यह पूछे जाने पर कि क्या पार्टी नेता लक्ष्मण सिंह का बयान कांग्रेस विरोधी बयान है? क्योंकि वह पूर्व में भी कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ बोलते रहे हैं? कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष ने फिर दोहराया कि लक्ष्मण सिंह ने जो कुछ टिप्पणी की है वह पार्टी की अनुशासन समिति के सामने विचाराधीन है। मुकेश नायक ने दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह के विवादास्पद बयानों को उनकी व्यक्तिगत राय बताया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांगे्रस के ग्वालियर जिलाध्यक्ष देवेन्द्र शर्मा, मध्यप्रदेश विधानसभा की पूर्व उपाध्यक्ष व पार्टी की जिला प्रभारी हिना कांवरे, पार्टी पदाधिकारी प्रियंका शर्मा, पार्टी के कार्यकारी जिलाध्यक्ष महाराज सिंह पटेल, प्रदेश प्रवक्ता धर्मेन्द्र शर्मा, राम पाण्डे सहित अनेक पार्टी नेता उपस्थित थे।
