
जबलपुर। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने रविवार सुबह गलियारों में घूम कर व्यवस्थाएं देखी। इसके साथ ही स्वच्छता टीम की सराहना की। व्यापारियों, सफाई संरक्षकों से संवाद कर फीडबैक भी लिया ।
निगमायुक्त ने गौरीघाट से दौरा प्रारंभ कर छोटी लाइन, तीन पत्ती, मालवीय चौक, बड़ा फुहारा, हनुमानताल, घमापुर, खेरमाई, तुलाराम चौक, करमचंद चौक तथा खजांची चौक तक का दौरा किया।
विभिन्न क्षेत्रों का गहन निरीक्षण करने के बाद निगमायुक्त ने शहर की वर्तमान स्वच्छता स्थिति पर संतोष व्यक्त किया। सडक़ों, मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर बेहतर सफाई व्यवस्था देखकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और सफाई अमले के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में नगर निगम की टीम का यह प्रयास सराहनीय है। निगमायुक्त ने व्यापारियों, आम नागरिकों और मैदानी सफाई संरक्षकों से सीधे बातचीत की। उन्होंने सफाई के समय, कचरा उठाने और बुनियादी नगर निगम सेवाओं के संबंध में मौके पर ही फीडबैक प्राप्त किया।
पुष्पहार पहनाकर सम्मान
निरीक्षण के दौरानएक सफाई कर्मचारी को निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने स्वयं पुष्पहार पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे समर्पित कर्मचारियों के कारण ही शहर की सफाई व्यवस्था सुदृढ़ बनी हुई है। इस कदम से मैदानी अमले का उत्साहवर्धन हुआ।
लापरवाही न बरती जाए
निगमायुक्त ने उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सफाई और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। मुख्य बाज़ारों और चौराहों पर नियमित रूप से दो पालियों में कचरा उठान सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, उपायुक्त संभव अयाची, स्वास्थ्य अधिकारी अभिनव मिश्रा, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अनिल बारी, अर्जुन यादव, धर्मेंद्र राज, के साथ सभी मुख्य स्वच्छता निरीक्षक और निरीक्षक उपस्थित रहे।
